यमुना में बुजुर्ग को कूदते देख दौड़ा राहगीर, बचा ली जान

आगरा, 31 जुलाई। थाना एत्माद्दौला के अंतर्गत अम्बेडकर पुल से यमुना नदी में कूदकर जान देने की कोशिश कर रहे एक बुजुर्ग को ऐन मौके पर पहुंचे युवक ने बचा लिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बुजुर्ग के इस कदम के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग को समझाकर शांत कराया और परिजनों को मौके पर बुलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार की शाम करीब पांच बजे बुजुर्ग पुल के फुटपाथ पर अपना मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान रखकर रेलिंग पर चढ़ गए थे। वह नदी में छलांग लगाने ही वाले थे कि एक राहगीर युवक ने उन्हें देख लिया। युवक दौड़कर पहुंचा और उन्हें पकड़कर नीचे उतार लिया जिससे बड़ी घटना टल गई।
बुजुर्ग ने पुलिस से कहा कि उनके दोनों बेटे और बहुएं उनके साथ मारपीट करते हैं। लंबे समय से उन्हें ठीक से खाना तक नहीं दिया जा रहा जिससे तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाने का निर्णय लिया। हालांकि सूचना बाद मौके पर पहुंचे बेटों ने पिता के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना था कि उनके पिता शराब का अधिक सेवन करते हैं और अक्सर इस तरह की हरकत कर परिवार को परेशानी में डाल देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस उनके घर और आसपास के लोगों से जानकारी करेगी तो आरोपों की सच्चाई सामने आ जाएगी।
कुछ समय बाद वृद्ध अपने बेटों के साथ घर वापस चले गए थे। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments