35 लाख के आभूषण बरामद, दो चोर गिरफ्तार
आगरा, 28 जुलाई। थाना शाहगंज पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये मूल्य की चोरी के आभूषण बरामद करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। यह चोरी क्षेत्र के बंद मकान का ताला तोड़कर की गई थी।
एडीसीपी सिटी हिमांशु गौरव ने मीडिया को बताया कि विगत 17 जुलाई को शाहगंज थाना पुलिस को बंद मकान में चोरी की सूचना मिली थी। पीड़ित ने शिकायत में कहा था कि उसके छोटे भाई की पत्नी अस्पताल गई हुई थीं। जब वह घर लौटीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का लॉक भी टूटा हुआ था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के सभी कीमती आभूषण गायब थे। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
शाहगंज पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। लगातार की जा रही जांच के बाद पुलिस को दोनों संदिग्धों की लोकेशन मिली। 28 जुलाई को पुलिस ने फतेहपुर सीकरी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश पुत्र मोहर सिंह, निवासी चंदपुरा थाना इरादतनगर तथा रूपकिशोर पुत्र रामसिंह, निवासी गुतला मोड़ थाना ताजगंज के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 253.32 ग्राम सोने के आभूषण (मोती सहित), 1373.5 ग्राम चांदी के आभूषण, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, चोरी की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं। इनके खिलाफ आगरा के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य अपराधों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments