आगरा, 06  जुलाई। थाना सदर पुलिस और सर्विलांस टीम ने खाली घरों की रेकी कर चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों आपस में जीजा-साले हैं। वे चोरी की रकम को महंगे शौक पूरे करने और महिला मित्रों के समक्ष आलीशान जिंदगी का दिखावा करने पर खर्च करते थे।
पुलिस ने ग्राम खरगा में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए गैंगस्टर रह चुके रजनीकांत और उसके साले विजय को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पहले ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनमें लोग बाहर गए हों या लंबे समय से ताले लगे हों। पूरी जानकारी जुटाने के बाद मौका देखकर घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। ग्राम खरगा में हुई चोरी की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि चोरी से मिलने वाले पैसों का बड़ा हिस्सा अपनी महिला मित्रों पर खर्च करते थे। उन्हें महंगे होटलों में घुमाना, ब्रांडेड कपड़े और जूते खरीदकर देना तथा खुद को बड़ा कारोबारी या संपन्न व्यक्ति बताकर प्रभावित करना उनकी आदत बन चुकी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 90 ग्राम सोने के आभूषण, 02 लाख, 82 हजार रुपये नकद तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। 
एडीसीपी सिटी/क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि दोनों आरोपी बंद मकानों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ में चोरी के पैसों के इस्तेमाल को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और चोरी के बाकी माल की बरामदगी में जुटी हुई है।
_______________________________________