Agra News: खबरें आगरा की...
टैक्सेशन बार एसोसिएशन ने किया "मूट कोर्ट" का आयोजन
आगरा, 20 जुलाई। टैक्सेशन बार एसोसिएशन के 58वें स्थापना दिवस समारोह के द्वितीय तकनीकी सत्र के अंतर्गत रविवार को मॉल रोड स्थित एक होटल में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण के संबंध में विशेष "मूट कोर्ट" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिवक्ताओं को न्यायाधिकरण के समक्ष अपील की सुनवाई के दौरान प्रकरण प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से अवगत कराना तथा उस पर व्यावहारिक चर्चा करना था।
मूट कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता रूप किशोर अग्रवाल ने अपीलार्थी पक्ष का नेतृत्व किया, जबकि वरिष्ठ शासकीय अधिवक्ता सतीश चंद बंसल ने विभाग का पक्ष रखा। दोनों पक्षों द्वारा वास्तविक अपीलों के आधार पर धारा _129(3), 125, 73, 74, 74(9)_ से संबंधित प्रकरणों पर सार्थक बहस प्रस्तुत की गई।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के अध्यक्ष राज किशोर खंडेलवाल, स्वागत अध्यक्ष अनिल वर्मा, संयोजक राम मोहन सिंह कोटिया, चेयरमैन रजनीकांत वर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। संचालन संजीव वशिष्ठ द्वारा किया गया। न्यायिक सदस्य सुभाष चंद अग्रवाल, तकनीकी सदस्य राकेश बाबू गर्ग ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
__________________________________________
भगवान नेमिनाथ निर्वाण महोत्सव मनाया
आगरा, 20 जुलाई। अतिशय क्षेत्र श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर नसियाजी, मोतीलाल नेहरू पीर कल्याणी रोड में सोमवार को परमपूज्य आचार्य सौभाग्य सागर संघ एवं तीर्थों की रक्षा हेतु समर्पित उनके शिष्य आचार्य सुरत्नसागर ससंघ व आचार्य श्री विशुद्धसागर के शिष्य पूज्य मुनि समत्व सागर ससंघ के सानिध्य में भगवान नेमिनाथ निर्वाण महोत्सव एवं तीर्थ रक्षा संकल्प समारोह मनाया गया।
नेमिनाथ भगवान के निर्वाण महोत्सव पर गिरनार पर्वतराज श्रद्धालुओं ने प्रथम निर्वाण लाडू प्रदीप जैन ने और गिरनार पर्वत की 5 टोकों पर निर्मल कुमार मोठ्या, रोहित जैन, हीरालाल बैनाड़ा, स्वरुपा जैन, राजेश जैन ने लाडू चढ़ाया। भगवान नेमिनाथ का अभिषेक किया गया। रात्रि में 7:30 बजे से निर्मला भगवान की 1008 दीपकों द्वारा महा आरती की गई कथा भजन संध्या भी आयोजित की गई।
__________________________________________
जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू
आगरा जिला रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ
आगरा, 20 जुलाई। जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में दो दिवसीय द्वितीय जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता सोमवार को शुरू हो गई।
संघ की सचिव एवं प्रतियोगिता की आयोजन सचिव डॉ अलका शर्मा के अनुसार पहले दिन के परिणाम इस प्रकार से हैं-
यूथ बालक वर्ग (अंडर 19) सेमी फाइनल मुकाबले मे केशव खंडेलवाल ने रितेश कुमार को 3-2 से, दूसरे सेमी फाइनल में ऋषभ विश्वकर्मा ने वेद यादव को 3-2 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। यूथ बालिका वर्ग के (अंडर 19) सेमीफाइनल मुकाबले में सुहानी अग्रवाल ने अंकिशा मिश्रा को 3-0 से, दूसरे सेमीफाइनल में पहल गुप्ता ने वान्या बंसल को 3-0 पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में सुहानी अग्रवाल ने इनाया फातिमा को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायकों की भूमिका में जुनैद सलीम, गर्ग ऋषि, साहिल कुमार, आशुतोष कुमार तिवारी की भूमिका रही। इससे पूर्व मुख्य अतिथि एसोसिएट प्रोफेसर मीनाक्षी घिल्डियाल, विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार पूर्व मुख्य प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
__________________________________________
बल्केश्वर में 10 अगस्त को लगेगा सावन मेला
आगरा, 20 जुलाई। श्री बल्केश्वर महादेव मेला समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी सावन के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त को बल्केश्वर क्षेत्र में महादेव मेले का आयोजन किया जाएगा। नौ अगस्त, रविवार शाम बल्केश्वर चौराहे पर धार्मिक रीति रिवाज के साथ मेले का उद्घाटन किया जाएगा।
यह जानकारी सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में श्री बल्केश्वर महादेव मेला समिति के पदाधिकारियों ने दी। मुख्य संरक्षक पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा एवं ताराचंद मित्तल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, पार्षद हरिओम गोयल बाबा, पार्षद पूजा बंसल और भाजपा ब्रज क्षेत्र संयोजक (आर्थिक प्रकोष्ठ) गिर्राज बंसल ने बताया कि भक्तों के लिए बल्केश्वर महादेव मंदिर से लेकर वाटरवर्क्स चौराहा तक "खोया-पाया केंद्र" स्थापित किया जाएगा। प्राथमिक चिकित्सा केंद्र बनाया जाएगा, जहाँ सरकारी चिकित्सक एवं सभी आवश्यक दवाइयाँ 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। अध्यक्ष महेश निषाद और कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप वाल्मीकि ने बताया कि पूरे परिक्रमा मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था की गई है। साथ ही 9 अगस्त, रविवार शाम से 10 अगस्त, सोमवार को भक्तों की परिक्रमा समाप्त होने तक भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments