देर रात कैंटर और कार की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, बाह-फतेहाबाद मार्ग पर भीषण हादसा

आगरा, 21 जुलाई। जिले में बाह-फतेहाबाद मार्ग पर सोमवार की देर रात एक कैंटर और कार की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा कैंटर में बुरी तरह फंस गया, जिससे कार सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने हाइड्रा और कटर मशीन की मदद से कार को काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला। 
खबरों के मुताबिक सोमवार रात करीब पौने दो बजे बाह की ओर से आ रही वरना कार फतेहाबाद की तरफ जा रहे तेज रफ्तार कैंटर से बाबा की तिवरिया के पास आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले अपने स्तर पर कार सवारों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम और हाइड्रा मशीन मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार को कैंटर से अलग किया गया। फिर कटर मशीन से कार को काटकर दोनों शव बाहर निकाले गए। 
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मृतकों की तुरंत शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
हादसे की वजह दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताई जा रही है। जबरदस्त टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह कैंटर में समा गया। टक्कर के बाद कैंटर चालक वाहन कार को करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments