Agra News: खबरें आगरा की..….
श्रीजगन्नाथ रथयात्रा 16 को, तैयारियां शुरू
आगरा, 06 जुलाई। श्रीजगन्नाथ बहन सुभद्रा और भाई बलराम की मूर्तियों की रथयात्रा 16 जुलाई को नगर निकाली जायेगी। बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से नंदीघोष रथ पर विराजमान भगवान के रथ को भक्तजन हाथों से खींचकर क्षेत्र में भ्रमण कराते हुए श्रीजगन्नाथ मंदिर तक लेकर जाएंगे।
श्रीजगन्नाथ भक्तों को 14 जुलाई को आयोजित नयन उत्सव में (नव यौवन वेश में) दर्शन देंगे और 15 जुलाई को भव्य फूल बंगला व छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर के अध्यक्ष अरविद स्वरूप ने एक विज्ञप्ति में बताया कि 16 जुलाई को रथयात्रा का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। इससे पूर्व 10, 11 12, 13 जुलाई को विभिन्न क्षेत्रों में आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी।
_________________________________________
किसान क्रांति दल हर चुनाव में उतारेगा प्रत्याशी
आगरा, 06 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने सोमवार को यहां अतिथिवन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि किसान क्रांति दल आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। इसके साथ ही जिला पंचायत चुनावों में भी दल पूरी ताकत के साथ भागीदारी करेगा।
उन्होंने कहा कि अब किसान संसद और विधानसभा का घेराव करने के बजाय स्वयं उनका हिस्सा बनेगा, ताकि किसानों की समस्याओं को सीधे सदनों में उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार किसान आयोग के गठन की मांग की जा रही है, जिससे किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके और उन्हें उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल सके।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर को पदभार ग्रहण भी कराया गया। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम चौहान तथा महामंत्री एनपी सिंह ने भी किसानों के हितों की रक्षा और महिला शक्ति को संगठन से जोड़ने पर बल दिया।
_________________________________________
तीन चिकित्सकों को मिली फेलोशिप ऑफ सीजीपी
आगरा, 06 जुलाई। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला शाखा के सदस्य डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा, डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल एवं डॉ. रेखा रानी को नॉर्थ ज़ोन नेशनल आईएमए सीजीपी कॉन 2026 में फेलोशिप ऑफ सीजीपी से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उनके चिकित्सा क्षेत्र में योगदान, अकादमिक गतिविधियों के लिए दिया गया।
_________________________________________
माधव मिलन ने लगाया चिकित्सा शिविर
आगरा, 06 जुलाई। माधव मिलन एवं नेशनल मेडिकोज औरगेनाइजैशन द्वारा विगत दिवस विभव विलास अपार्टमेंट शिविर व विजय नगर कॉलोनी में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। करीब 90 व्यक्तियों द्वारा लाभ प्राप्त किया।
डॉक्टर पवन गुप्ता, डा रुपल अग्रवाल, डा राघवेंद्र दुवे असीम गुप्ता, हर्षित सैनी, हिमांशी सिंह आदि डॉक्टरों ने अपना सहयोग प्रदान किया।
आलोक आर्या, अशोक अग्रवाल, रवी गुप्ता, आलोक अग्रवाल, अजय तोशनीवाल, स्वतंत्र गुप्ता, संजय मेहरा, सुनील अग्रवाल अनुराग शर्मा, सर्वेश बाजपेयी, प्रदीप तोमर, नरेश सूद, अंकुर गुप्ता, ललतेश गुप्ता, धर्मेंद्र गर्ग ने व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया।
_________________________________________
खुले पंख परिवार ने गौशाला को 2000 किलो सब्जी एवं हरा चारा अर्पित कर किया
आगरा, 06 जुलाई। सामाजिक संस्था खुले पंख परिवार द्वारा रविवार को श्री गौशाला, कर्मयोगी फव्वारे के पास तृतीय गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौमाता को लगभग 2000 किलो सब्जी एवं हरा चारा तथा 100 पैकेट ब्रेड एवं रोटियां अर्पित कर श्रद्धापूर्वक गौ सेवा की गई।
संस्था के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य समाज को एकजुट कर मानवता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर राजकुमार जौहरी, निक्की जौहरी, योगेश जैन, आशु गोयल, अनुज मित्तल, आशीष बंसल, अनमोल अग्रवाल, अंकित गोयल, मनन गोयल, शरद, अतुल अग्रवाल, राहुल यादव, अर्चना जैन, रूबी, चंचल, शालिनी, लव अग्रवाल, निधि, नितिन बंसल, सोवरन सिंह, बबली एवं सौरव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
_________________________________________
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, भारतीय संस्कृति का दिया संदेश
आगरा, 06 जुलाई। न्यू आदर्श नगर मित्र-मंडल सेवा समिति द्वारा रविवार की प्रातः वॉलीबॉल क्लब, न्यू आदर्श नगर, आगरा में "सप्तम प्रतिभा सम्मान समारोह-2026" का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
समिति की ओर से दुर्गेश मुद्गल एवं राजेंद्र पाराशर को सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार माहेश्वरी, मुख्य वक्ता राकेश चन्द्र शुक्ला, कार्यक्रम अध्यक्ष राजबहादुर सिंह राज, विशिष्ट अतिथि निशी राज उपस्थित रहे। संचालन आशुतोष शर्मा ने किया।
_________________________________________
बल्केश्वर में पुरुष अपना घर आश्रम शुरू
आगरा, 06 जुलाई। आश्रयहीन, असहाय, बीमार और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की सेवा के लिए समर्पित संस्था मां माधुरी बृज वारिस सेवा सदन (अपना घर) ने रविवार को बल्केश्वर में पुरुष अपना घर आश्रम का शुभारंभ कर दिया। 21 प्रभुजनों के सम्मानपूर्वक प्रवेश के साथ आश्रम ने औपचारिक रूप से सेवा कार्य शुरू कर दिया। इस नए आश्रम के शुरू होने से अब आगरा और आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद पुरुषों को आश्रय, उपचार और पुनर्वास के लिए भरतपुर, मथुरा या फिरोजाबाद नहीं भेजना पड़ेगा।
बल्केश्वर स्थित आश्रम में आयोजित शुभारंभ समारोह में संस्था की संस्थापक डॉ. माधुरी भारद्वाज, आश्रम स्थापना संयोजक शैलेन्द्र त्यागी तथा संस्था के संरक्षक मोहनलाल अग्रवाल ने प्रभुजनों का तिलक, माल्यार्पण और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद सभी को सम्मानपूर्वक नए आश्रम में प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर अपना घर आश्रम महिला शाखा आगरा की पदाधिकारी, समाजसेवी तथा शहर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
नव स्थापित आश्रम में 60 बिस्तरों की आवासीय क्षमता विकसित की गई है। यहां चिकित्सा, भोजन, स्वच्छ पेयजल, विद्युत, बेड, गद्दे और रहने की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा प्रभुजनों के रेस्क्यू, अस्पताल लाने-ले जाने और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए एक समर्पित एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments