Agra News: खबरें आगरा की..
आगरा के पुरानी चुंगी मैदान को 'क्रांति स्थल' घोषित करने की मांग पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने डीएम से मांगी रिपोर्ट
आगरा, 02 जून। शहर के मोतीगंज-दरेसी नंबर-दो स्थित ऐतिहासिक पुरानी चुंगी मैदान को 'क्रांति स्थल' घोषित करने तथा वहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस और शहीद परशुराम की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग शासन स्तर तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मामले में जिलाधिकारी से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू करते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।
राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने पिछली 11 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा महापौर हेमलता दिवाकर को प्रार्थनापत्र भेजकर पुरानी चुंगी मैदान को 'क्रांति स्थल' घोषित करने की मांग की थी। प्रार्थनापत्र में दावा किया गया कि मोतीगंज स्थित पुरानी चुंगी का मैदान स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।नवर्ष 1940 में आगरा के क्रांतिकारियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को खून से पत्र लिखकर इसी मैदान में आमंत्रित किया था। इसके बाद नेताजी ने यहां जनसभा को संबोधित किया और "तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा" का ऐतिहासिक आह्वान किया। प्रार्थनापत्र में यह भी कहा गया कि 10 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के "करो या मरो" के आह्वान के बाद आगरा के स्वतंत्रता सेनानियों ने इसी मैदान में देश की आजादी के लिए संघर्ष का संकल्प लिया था। इसी दौरान अंग्रेजी हुकूमत द्वारा गोलीबारी की गई, जिसमें 17 वर्षीय क्रांतिकारी परशुराम शहीद हो गए थे।
__________________________________________
38 मुकदमों का आरोपी अलीशेर जिला बदर
आगरा, 02 जुलाई। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 38 आपराधिक मुकदमों में आरोपी कुख्यात अपराधी अलीशेर को छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया है। अपर पुलिस आयुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत अलीशेर अब अगले छह माह तक आगरा जिले की सीमा में बिना प्रशासन की अनुमति प्रवेश नहीं कर सकेगा।
पुलिस के अनुसार अलीशेर जगदीशपुरा और लोहामंडी थाना क्षेत्रों का हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 38 मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में उसके प्रभाव के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।
__________________________________________
यूपीसीए का “स्पीड टैलेंट हंट” आगरा में 5 और 6 को
आगरा, 02 जुलाई। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्पीड टैलेंट हंट का आयोजन 05 एवं 06 जुलाई 2026 को यहां सेंट जॉन्स कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में किया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश के सात जिलों में किया जा रहा है। गाजीपुर, कानपुर, लखनऊ एवं प्रयागराज में स्पीड टैलेंट हंट किया जा चुका है। शहर में लगभग 14 जनपदों के तेज गेंदबाज प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ट्रायल के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चयनकर्ता, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
__________________________________________
विधि इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित
आगरा, 02 जुलाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में गुरुवार को आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में विधि इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय कुमार मलिक, जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की। इस अवसर पर शारिब अली, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पंकज कुमार-I, सचिव पूर्णकालिक/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रो. डॉ. अरुण कुमार दीक्षित (कोऑर्डिनेटर) तथा डॉ. मदन मोहन शर्मा, अध्यक्ष, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी मंचासीन रहे। समारोह में डी. सी. मिश्रा, विभागाध्यक्ष, विधि विभाग, आगरा कॉलेज, शशिकांत पांडे, प्रमिला शर्मा, विधि संकाय के शिक्षकगण, अधिवक्तागण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
__________________________________________
अमर मित्तल चैंबर कोर कमेटी के नए चेयरमैन
आगरा, 02 जुलाई। पूर्व अध्यक्ष अमर मित्तल को नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की कोर कमेटी का चेयरमैन बना गया है। कमेटी का कार्यकाल एक वर्ष होता है।
चैम्बर की बैठक में अध्यक्ष मनोज बंसल द्वारा निवर्तमान कोर कमेटी के चेयरमैन योगेन्द्र कुमार सिंघल को विदाई दी गयी तथा कोर कमेटी के नये चेयरमैन अमर मित्तल का स्वागत किया गया। नये चेयरमैन नेसदस्यों से अपील की कि वह चैम्बर के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने हेतु अपना मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंज जिससे चैम्बर की गरिमा में निरन्तर वृद्धि होती रहे। बैठक में नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, सीताराम अग्रवाल, अनिल वर्मा, मनीष अग्रवाल, शलभ शर्मा, संजय गोयल और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।
__________________________________________
यातायात नियम जागरूकता अभियान चलाया
आगरा, 02 जुलाई। "ड्राईव शील्ड फाउंडेशन" ने "डावर - चाहर क्रिकेट अकादमी" में अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के लिए "यातायात नियम जागरूकता अभियान" चलाया।
इसके अन्तर्गत पैदल कैसे और किस ओर चलना चाहिए, सड़क पर अंकित रेखाओं , हेलमेट की उपयोगिता, स्पीड लिमिट और दोपहिया वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग किस प्रकार किया जाय आदि सड़क सुरक्षा संबंधित जानकारी फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने साझा की और सभी से अनुरोध किया कि वे इन सभी नियमों को अपनी आदत बना लें।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments