Agra News: खबरें आगरा की.....

यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का रहनकलां टोल प्लाजा पर स्वागत
आगरा। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी में अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का बुधवार सुबह रहनकलां टोल प्लाजा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुशासन है। पुलिस को हत्यारा बना दिया गया है। दलितों के उत्पीड़न, महिलाओं के साथ बलात्कार और उनकी हत्याएं सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में हो रही हैं। राम मंदिर में भक्तों की आस्था से खिलवाड़ करते हुए भावनावश चढ़ाए गई दान तक की चोरी कर ली गई। यह धोखा धर्म के साथ है, समाज के साथ है। एक दिन पहले योगी सरकार ने हमारे नौ साथियों को नजर बंद किया, यह साबित करता है कि मुख्यमंत्री घबरा गए हैं। अब उन्हें यह लगने लगा है कि उनकी सत्ता जाने वाली है।
इस दौरान महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान, महानगर अध्यक्ष अमित सिंह दिवाकर, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी जैन, मनोज बोहरा, पीसीसी सदस्य शानू खान, उमेश जोशी, शीनू खान, शैफ खान, रफीक उर्फ बिट्टा, शब्बू खान वारसी, जीशान खान, संदीप पांडेय और नासिर जलील मौजूद रहे। 
__________________________________________
चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर समिति की नई कार्यकारिणी
आगरा, 01 जुलाई। ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर की प्रबंध समिति के चुनाव अनन्त कुमार जैन एवं सतीश कुमार जैन की देखरेख में संपन्न हुए। नई कार्यकारिणी में संरक्षक: चेतन्य स्वरूप जैन, प्रशांत जैन, अध्यक्ष: जितेंद्र कुमार जैन, उपाध्यक्ष: सुबोध कुमार जैन, महामंत्री:धर्मेंद्र कुमार जैन, कोषाध्यक्ष: राजीव जैन, संयुक्त मंत्री,: संदीप जैन संगठन मंत्री,: मोहित जैन मंदिर मंत्री,: कमल जैन प्रचार मंत्री,: विप्लव जैन सांस्कृतिक मंत्री,: वैभव जैन ऑडिटर,: सीए मनीष जैन, कार्यकारी सदस्य घोषित सुधीर जैन, आशीष जैन, दर्पण जैन, अंकित जैन, रितिक जैन, हेमेंद्र जैन, सम्मेद शिखर जैन, राकेश जैन एवं आकाश जैन को कार्यकारी सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया।
__________________________________________
पारस पर्ल्स के बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन, ज्ञापन
आगरा। पारस पर्ल्स एक्सटेंशन के निवासियों ने बुधवार को बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया और  कलेक्ट्रेट में उपजिलाधिकारी प्रवेश वर्मा को व पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार को ज्ञापन सौंपा। एएसपी लोहामंडी को शिकायत की जांच सौंपी गई है। 
अध्यक्ष विकास गर्ग का आरोप है कि यहां 150 फ्लैट हैं। बिल्डर फ्लैट मालिकों को निजी रूप से टोरंट के कनेक्शन नहीं लेने देता। खुद ने कनेक्शन ले रखा है, उसी प्राइवेट मीटर से अधिक कीमत में सभी को बिजली सप्लाई की जाती है। जनरेटर ओर लाइट के नाम पर 65 हजार रुपए प्रति फ्लैट से वसूले गए थे जिसका फंड लगभग 60 लाख है। लेकिन बिल्डिंग में एक भी जनरेटर नहीं है जिसकी बजाय से यहां के निवासियों को बिना लाइट के कई बार पूरी पूरी रात गुजारनी पड़ती है। फ्लैट बेचते समय बिल्डिंग में सात लिफ्ट बताई गईं थी। लेकिन लगाई गईं सिर्फ तीन। न ही फायर ब्रिगेड की एनओसी है और न ही एडीए से सीसीओसी का सर्टिफिकेट लिया गया है। 
__________________________________________
वाइल्डलाइफ एसओएस को ‘टाइगर प्रोटेक्शन एंड एंटी-पोचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड’ 
आगरा, 01 जुलाई। रणथंभौर में आयोजित 5वें रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक 2026 के दौरान वाइल्डलाइफ एसओएस को ‘टाइगर प्रोटेक्शन एंड एंटी-पोचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान संगठन को वन्यजीव संरक्षण, एंटी-पोचिंग पहलों तथा भारत के बाघों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में उसके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने संगठन की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।
5वें रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक 2026 में देश-विदेश के प्रमुख संरक्षणविदों, नीति-निर्माताओं, वन अधिकारियों, शोधकर्ताओं, फोटोग्राफरों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों तथा वन्यजीव प्रेमियों ने भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य भारत की बाघ संरक्षण में उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ अब भी विद्यमान चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना था। समारोह में वन्यजीव संरक्षण, एंटी-पोचिंग प्रयासों, संरक्षण नेतृत्व, पत्रकारिता, फोटोग्राफी तथा संरक्षण के क्षेत्र में आजीवन योगदान सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया।
__________________________________________
कलक्ट्रेट परिसर में क्लॉक टावर का छज्जा गिरा
आगरा, 01 जुलाई। जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित ऐतिहासिक क्लॉक टावर का छज्जा बुधवार को अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
घटना ऐसे समय हुई जब कलक्ट्रेट में कार्य दिवस होने के कारण अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और फरियादियों की आवाजाही लगातार बनी हुई थी। राहत की बात यह रही कि जिस स्थान पर छज्जा गिरा, उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि उस वक्त लोग नीचे खड़े होते तो कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित हिस्से को तत्काल खाली कराया गया। इसके बाद आनन-फानन में मजदूरों को बुलाकर गिरे हुए मलबे को हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
__________________________________________
भाजपा के महानगर अध्यक्ष अनिल महाजन का निधन 
आगरा, 01 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल महाजन का बुधवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। दो दिन पहले ही नई दिल्ली स्थित एम्स में उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी। उपचार के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से आगरा लाया जा रहा है। 
अनिल महाजन शहर के वरिष्ठ भाजपा नेता दिवंगत ओम प्रकाश महाजन के ज्येष्ठ पुत्र थे। उन्होंने वर्ष 2010 में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष का दायित्व संभाला था। उनका परिवार लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ा रहा है। उनके पुत्र भानु महाजन भी भारतीय जनता पार्टी के आगरा महानगर अध्यक्ष रहे और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
__________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments