फर्जी रजिस्ट्रेशन से 1.28 करोड़ की जीएसटी चोरी! विभाग ने दर्ज कराया मुकदमा
आगरा, 31 जुलाई। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जीएसटी रजिस्ट्रेशन हासिल कर सरकार को 1.28 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। राज्य वस्तु एवं सेवा कर विभाग की शिकायत पर थाना लोहामंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि 'सनशाइन ट्रेडिंग कंपनी' के नाम से एक फर्जी फर्म का जीएसटी पंजीकरण कराया गया। इसके लिए फर्जी और भ्रामक दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। जांच के दौरान संदेह होने पर फर्म का भौतिक सत्यापन कराया गया, लेकिन रजिस्ट्रेशन में दर्ज पते पर कोई व्यापारिक गतिविधि या फर्म संचालित होती नहीं मिली। जांच के दौरान प्रस्तुत किए गए बिजली बिल समेत अन्य दस्तावेज भी संदिग्ध पाए गए, जिससे यह आशंका और मजबूत हो गई कि फर्जी पहचान और दस्तावेजों के जरिए शेल कंपनी तैयार कर जीएसटी प्रणाली का दुरुपयोग किया गया।
राज्य कर विभाग का आरोप है कि इस फर्जी फर्म के माध्यम से इनपुट टैक्स क्रेडिट का गलत लाभ लिया गया, जिससे सरकारी राजस्व को ₹1.28 करोड़ से अधिक की क्षति पहुंची।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए, जीएसटी रजिस्ट्रेशन कैसे प्राप्त किया गया और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। साथ ही बैंक खातों, लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments