बीएसए ने विद्यालयों में बिना अनुमति बाहरी लोगों के प्रवेश पर लगाया प्रतिबंध, यूट्यूबर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर पर भी रोक

आगरा, 30 जुलाई। जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में बिना पूर्व अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. राकेश सिंह ने परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल बनाए रखने और विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान रोकने के उद्देश्य से यह बड़ा निर्णय लिया है। 
इस आदेश को तीस जुलाई से लागू कर दिया गया। आदेश के तहत अब कोई भी यूट्यूबर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर, निजी व्यक्ति या अन्य बाहरी आगंतुक बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के विद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही विद्यालयों के भीतर फोटो खींचने, वीडियो बनाने और किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बीएसए ने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में बिना अनुमति कई बाहरी लोग विद्यालयों में पहुंचकर वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार कर रहे थे। इससे न केवल शिक्षण कार्य प्रभावित होता है, बल्कि विद्यार्थियों का ध्यान भी भटकता है और विभाग की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। आदेश में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था को किसी वैध उद्देश्य से विद्यालय में प्रवेश करना हो या फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग करनी हो, तो इसके लिए पहले संबंधित सक्षम अधिकारी से लिखित अनुमति प्राप्त करनी होगी। अनुमति मिलने के बाद ही विद्यालय में प्रवेश और रिकॉर्डिंग की जा सकेगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और परिषदीय विद्यालयों के जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति विद्यालय में प्रवेश करता है या नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments