...और अब तालाब की भूमि पर बने मंदिर, मस्जिद और मजार हटाने की प्रक्रिया तेज, हिंदू पक्ष ने मूर्तियां हटाईं
आगरा, 16 जून। एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के बाहर स्थित मजार मंगलवार की सुबह हटा दिए जाने के साथ ही बिचपुरी क्षेत्र के गांव अंगूठी स्थित तालाब की भूमि पर बने मंदिर, मस्जिद और मजार को हटाने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) ने तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश दिया है। इस बीच हिंदू पक्ष के लोगों ने मंदिर में स्थापित हनुमान जी, काली मैया और शिव परिवार की मूर्तियों को हटाकर ग्राम सचिवालय में रखवा दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एनजीटी के आदेश और तहसीलदार न्यायालय के बेदखली आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम सदर सचिन राजपूत ने मीडिया को बताया कि तहसील प्रशासन ने तालाब की भूमि पर बने मंदिर, मस्जिद और मजार पर दस जून को नोटिस चस्पा कर सात दिन के भीतर स्वेच्छा से कब्जा हटाने का अवसर दिया था। एसडीएम के अनुसार, हिंदू पक्ष के लोगों ने सोमवार दोपहर आपसी सहमति से मंदिर में स्थापित मूर्तियों को हटाकर ग्राम सचिवालय में सुरक्षित रखवा दिया।
उप जिलाधिकारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के सहयोग से कार्रवाई करेगी और तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
तालाब की भूमि पर अतिक्रमण के मामले में सदर तहसीलदार न्यायालय ने विगत नौ जून को बेदखली का आदेश पारित किया था, जिसके बाद संबंधित धार्मिक स्थलों पर नोटिस चस्पा किए गए थे। पूरी प्रक्रिया एनजीटी के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments