जांच अभियान केवल अवैध दवा व्यापार करने वालों के खिलाफ, अन्य व्यापारी भयभीत न हों- एडीएम सिटी

आगरा, 16 जून। अपर जिलाधिकारी (नगर) संदीप कुमार वर्मा का कहना है कि औषधि विभाग द्वारा शहर के दवा बाजारों में अवैध तरीके से व्यापार करने वालों के विरुद्ध ही अभियान चलाया जा रहा है। पंजीकृत एवं नियमानुसार लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप व्यापार करने वाले व्यापारियों को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।
एडीएम सिटी मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य फर्जी, निष्क्रिय अथवा बंद पड़े प्रतिष्ठानों के ड्रग लाइसेंसों के माध्यम से किए जा रहे अवैध औषधि व्यापार (नकली, नशीली, अधोमानक औषधियों, फिजीशियन सैम्पल) की पहचान कर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है, जिससे नियमों के अनुरूप कार्य करने वाले व्यापारियों को सुरक्षित एवं पारदर्शी व्यापारिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बैठक में व्यापारियों को निर्देशित किया कि वे अपने संगठन के माध्यम से समस्त प्रतिष्ठानों/गोदामों/शाखाओं के मुख्य शटर पर स्पष्ट रूप से फर्म का नाम, औषधि लाइसेंस संख्या, जीएसटी नंबर, संपर्क नंबर तथा फर्म स्वामी का नाम अंकित करें तथा औषधि नियमों एवं लाइसेंस में वर्णित शर्तों के अनुरूप ही प्रतिष्ठान का संचालन सुनिश्चित करें। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
बैठक में आगरा फार्मा एसोसिएशन के महेश अग्रवाल, पुनीत कालरा ने कहा कि लगातार हो रही छापामारी कार्यवाही से जनपद के व्यापारियों को प्रदेश के अन्य जनपदों से औषधियों के व्यापार करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।  
पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दवा करोबार में यदि कोई अवैध/गलत गतिविधियां उनके संज्ञान में आती है तो वह तत्काल विभाग को अवगत करायेंगे एवं थोक ड्रग लाइसेंस सत्यापन अभियान में सहयोग करेंगे।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments