Agra News: खबरें आगरा की.....

विजय शिवहरे ने सड़क से मजार हटवाने के लिए मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर की सराहना की
आगरा, 16 जून। विधान परिषद सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सचिव विजय शिवहरे ने एक बयान में कहा कि एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के सामने सड़क के मध्य स्थित मजार को प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी सहमति के साथ सफलतापूर्वक स्थानांतरित कर सामने स्थित बड़ी मजार में स्थापित किया गया। लंबे समय से यह स्थान यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहा था तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, जिसके समाधान की मांग लगातार उठ रही थी।
उन्होंने कहा कि उल्लेखनीय बात यह रही कि हिंदू एवं मुस्लिम समाज के लोगों ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सहयोग की भावना का परिचय देते हुए इस स्थानांतरण को सफल बनाया, जिससे शहर में शांति एवं सौहार्द का संदेश गया। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की प्रशंसा की और कहा कि यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि जब प्रशासन निष्पक्षता, संवेदनशीलता और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य करता है तो जनहित के बड़े निर्णय भी सामाजिक समरसता और भाईचारे के वातावरण में सफलतापूर्वक लागू किए जा सकते हैं।
__________________________________________
भगवान बुद्ध प्रतिमा की गरिमा बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी- उपेंद्र सिंह 
आगरा, 16 जून। भारतीय जाटव समाज के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह एक बयान में कहा कि बुद्धा पार्क में भगवान बुद्ध की प्रतिमा की गरिमा बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। हाल ही में कुछ उत्साही युवाओं द्वारा भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर जूते पहनकर चढ़कर फोटो-वीडियो बनाने की घटनाएँ सामने आई हैं। यह न केवल एक ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का अपमान है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा को भी आहत करता है।
बयान में कहा गया कि भगवान बुद्ध शांति, करुणा और मानवता के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि समाज के लिए नैतिक मूल्यों और सम्मान का प्रतीक है। बयान में प्रशासन से आग्रह किया गया कि बुद्धा पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, प्रतिमा के आसपास उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएँ और ऐसी घटनाओं पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
__________________________________________
वृक्ष लगाएँ, पानी व्यर्थ न बहाएँ, वाहन और एसी जरूरत पर ही चलाएँ
आगरा, 16 जून। चाहे जितना भी विकास करो। लेकिन वनों का न नाश करो। वृक्ष रहेंगे तो ही जीवन होगा। ऐसा तुम सब विश्वास करो। साहित्यकार डॉ. मधु भारद्वाज की पंक्तियों के साथ अखिल भारतीय महिला परिषद की नगर शाखा द्वारा उमा कुंज, भावना एस्टेट स्थित सीताराम मंदिर में एक जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई जिसमें 60 से अधिक महिलाओं और बच्चों को 'जलवायु परिवर्तन के कारण और दुष्परिणाम' विषय पर जागरूक किया गया।
अध्यक्ष उमा सिंह ने कहा कि वन कम होने से वर्षा कम होती है। जल स्तर और ऑक्सीजन लेवल कम होता है। तापमान बढ़ जाता है। सरोज प्रशांत ने कहा कि वनों और वृक्षों को बचाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। मानी महाजन ने प्रोजेक्टर के माध्यम से चित्रों के साथ सरल शब्दों में समझाया कि वृक्ष लगाएँ। संगोष्ठी में रजनी शर्मा, चित्ररेखा कटियार, ममता खन्ना, रूपा मेहरा, रश्मि कुलश्रेष्ठ, चंदा मेहरोत्रा और वर्षा खन्ना भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। प्रेमलता मिश्रा ने संचालन किया।
__________________________________________
भक्ति संगीत ने जगाया भक्तिभाव
आगरा, 16 जून। अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन सम्मान समिति एवम् सुभारत संगीत निकेतन, सिकंदरा के संयुक्त तत्वावधान में सनातन भक्ति संगीत संध्या श्री हरिकृष्ण वृद्धजन सम्मान भवन, पश्चिमपुरी पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में गौरांग महाप्रभु अष्टक एवं राधा शिक्षा अष्टक को देवाशीष गांगुली ने प्रस्तुत कर भावविभोर कर दिया। डॉ. गिरीश गुप्ता ने गौरांग श्री चैतन्य महाप्रभु के जीवन यात्रा और राधा कृष्ण भक्ति धारा के विषय बताया।
प्रियांशु कृष्ण, समृद्धि सिंह, प्रतीक्षा जैन, रागिनी जैन, चित्रा गोयल, वैभव शर्मा, भव्यांश, शांभवी ठाकुर, उत्कर्ष तिवारी, कीर्ति, महिमा सत्संगी, अरमा, आदित्य सिंह राणा, मंजू गुप्ता, निशा गोस्वामी, निखिल कुलश्रेष्ठ, प्रशांत परिहार, पूजा अग्रहरि, महेंद्र पाल सिंह ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर लिया।
इससे पूर्व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जलन एवम् समाजसेवी हरिकृष्ण गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण दीपक प्रहलाद एवं मंजू गुप्ता, ज्योति अग्रवाल, देवाशीष चटर्जी, रत्ना चटर्जी, सुभाष बासु, डॉ. गिरीश गुप्ता, मंजू गुप्ता, पं. देवाशीष गांगुली, मीता गांगुली, स्वाति जैन गुप्ता ने किया। संचालन झील गौतम ने किया।
__________________________________________
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
भाकपा का वैचारिक मंथन 17 को
आगरा, 16 जून। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री पूरन सिंह के अनुसार रमेश मिश्रा षष्ठम स्मृति दिवस पर वैचारिक मंथन-6 कार्यक्रम बुधवार, 17 जून को सायं चार बजे माथुर वैश्य सभागर, पचकुईयां पर आयोजित किया जा रहा है। प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ जया मेहता मुख्य वक्ता होंगे एवं अध्यक्षता वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता ओम प्रकाश सदस्य, राज्य कार्यकारिणी भाकपा उप्र एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य किसान सभा करेंगे।
__________________________________________
महिला से बैग छीनकर भागे दो अभियुक्त गिरफ्तार
आगरा, 16 जून। थाना अछनेरा पुलिस ने क्षेत्र में तीन दिन पहले एक महिला से बैग छीनकर भागने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। 
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिकंदरा क्षेत्र निवासी शिवकुमार और पिंकू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला के बैग से लूटे गए सोने के आभूषण और ₹20,230 नकद बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने महिला से बैग छीनने की वारदात स्वीकार कर ली। 
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी शिवकुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। 
__________________________________________


__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments