नन्द प्लाजा में पुलिस का छापा, 20 युवक-युवती हिरासत में
आगरा, 05 अगस्त। थाना सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में बुधवार को स्थानीय पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मौके से करीब 20 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिन्हें पुलिस बस के माध्यम से थाने भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस और प्रशासन ने तीन कैफे और दो मिनी सिनेमाघरों को सील करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी।
कार्रवाई से प्लाजा में हड़कंप मच गया और कई दुकानों के शटर बंद हो गए। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्लाजा में संचालित कुछ कैफे और मिनी सिनेमाघरों में संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
टीम ने सबसे पहले बारिस्ता कैफे सहित अन्य कैफे की जांच की। वहां मौजूद युवक-युवतियों से पूछताछ की गई और उनकी पहचान संबंधी जानकारी ली गई। इसके अलावा कैफे संचालकों से लाइसेंस, संचालन संबंधी अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जांचे गए।
अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की जा रही है। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन या अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये लोग किस मकसद से यहां एकत्र हुए थे और बरामद सामान का इस्तेमाल कहां किया जाना था।
____________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments