आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन में बैग से मिले सड़े-गले मानव अंग

आगरा, 05 अगस्त। चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह लावारिस बैग से सड़े-गले मानव अंग मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद शव के अवशेष ठिकाने लगाने से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के अनुसार चेन्नई से नई दिल्ली की ओर जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस बुधवार तड़के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची थी। ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री ने रेलवे पुलिस को सूचना दी कि जनरल कोच में रखा एक ट्रॉली बैग काफी समय से लावारिस पड़ा है और उससे तेज बदबू के साथ तरल पदार्थ भी रिस रहा है।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। बैग को कब्जे में लेकर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें मानव शरीर के अंग मिले, जो काफी हद तक गल चुके थे और काले पड़ गए थे। 
जांच के दौरान बैग पर चेन्नई का रैपर और स्टिकर लगा मिला है। इसी आधार पर पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि बैग संभवतः चेन्नई से ही ट्रेन में रखा गया था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बैग किस यात्री का था और इसे ट्रेन में किस स्टेशन से चढ़ाया गया।
रेलवे पुलिस ने मानव अंगों के फॉरेंसिक नमूने सुरक्षित करा लिए हैं। बरामद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अंग कितने पुराने हैं, वे एक ही व्यक्ति के हैं या नहीं, तथा मृत्यु का कारण क्या हो सकता है।
मामला मानव अंगों की अवैध तस्करी से जुड़ा भी हो सकता है। दूसरी ओर हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें ट्रॉली बैग में भरकर ट्रेन के माध्यम से ठिकाने लगाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। दोनों बिंदुओं पर समानांतर जांच की जा रही है।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments