रामबाग में महिलाओं का देशी शराब के ठेके पर धावा, पेटियां, पाउच सड़क पर फेंके, पैकेटों में आग भी लगाई
आगरा, 03 जून। थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र अंतर्गत रामबाग के चंदन नगर में बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने क्षेत्र में संचालित देशी शराब के ठेके पर धावा बोल दिया। महिलाओं का आरोप था कि ठेके की वजह से पूरे इलाके का माहौल खराब हो रहा है।
गुस्साई महिलाओं ने ठेके के बाहर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करते हुए ठेके का ताला तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने अंदर रखी शराब की पेटियां और पाउच बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिए। कुछ महिलाओं ने शराब के पैकेटों में आग भी लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिलाओं का कहना है कि ठेकेदार नियमों की अनदेखी करते हुए सुबह चार बजे से ही शराब की बिक्री शुरू कर देता है। इतना ही नहीं, देर रात तक ठेके के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। महिलाओं के अनुसार, ठेके के आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों की भीड़ लगी रहती है, जिससे क्षेत्र की महिलाओं और छात्राओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बड़ी संख्या में शराब के पाउच और पैकेट सड़क पर फेंक दिए। कुछ ही देर में ठेके के बाहर सड़क शराब के पाउचों से पट गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हंगामे का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना ट्रांसयमुना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठेका बंद कराने की मांग पर अड़ी रहीं और मौके पर धरना देने लगीं।
पुलिस ने तोड़फोड़ और उपद्रव के आरोप में कार्रवाई करते हुए नौ महिलाओं और तीन पुरुषों को हिरासत में लिया। बाद में सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि महिलाओं को नामजद नहीं किया गया है, लेकिन वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय का कहना है कि मामले की सूचना आबकारी विभाग को भेज दी गई है। महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोपों, विशेषकर निर्धारित समय से पहले शराब बिक्री और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों की जांच कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में शिकायतें सही पाई जाती हैं तो ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments