नगर निगम के निशाने पर पुराने शहर के व्यस्त बाजार, मुनादी कराकर दी चेतावनी
आगरा, 17 जून। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों जौहरी बाजार, किनारी बाजार, सुभाष बाजार, रावतपाड़ा और दरेसी में लंबे समय से सफाई व्यवस्था और यातायात के लिए नासूर बने अतिक्रमण अब नगर निगम प्रशासन के निशाने पर आ गए हैं। बाजारों में दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर व्यापार करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
नगर निगम की टास्क फोर्स ने विगत दिवस इन बाजारों में व्यापक स्तर पर मुनादी कराकर दुकानदारों और व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इन बाजारों में दुकानों के बाहर काउंटर, तख्त, शो केस और अन्य सामान रखे जाने से सड़कें संकरी हो गई हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि सफाई कर्मचारियों को भी नियमित सफाई कार्य करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों को सड़क पर पैदल चलने को मजबूर होना पड़ता है। दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
टास्क फोर्स की टीम ने बाजारों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर के माध्यम से घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि दुकानदार स्वयं निर्धारित सीमा के भीतर अपना व्यापार संचालित करें और सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटा लें। नगर निगम ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से रखे गए सामान को जब्त किया जाएगा तथा संबंधित व्यापारियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि पुराने शहर के इन व्यस्त बाजारों में प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। आगामी दिनों में इन क्षेत्रों में सख्त अभियान चलाकर सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वयं आगे आकर नगर निगम के अभियान में सहयोग करें और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुगम यातायात वाला बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। नगर निगम का मानना है कि व्यापारियों के सहयोग से ही इन बाजारों में स्थायी रूप से अतिक्रमण की समस्या का समाधान संभव हो सकेगा।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments