बड़ा हादसा बचा: फतेहाबाद में यमुना पर पुल निर्माण के दौरान भारी-भरकम गर्डर नीचे गिरा, लंच ब्रेक होने से बच गई श्रमिकों की जान
आगरा, 04 जून। फतेहाबाद क्षेत्र में यमुना नदी पर पुल के निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। भोलपुरा गांव के समीप निर्माणाधीन पुल का एक भारी-भरकम गर्डर अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय अधिकांश श्रमिक भोजन करने गए हुए थे। यदि निर्माण कार्य सामान्य रूप से चल रहा होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। श्रमिकों के मौके पर मौजूद न होने के कारण किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहर करीब 2:30 बजे पुल के पिलरों पर दूसरा गर्डर स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान पहले से रखा गया एक गर्डर संतुलन खोकर नीचे आ गिरा। जिससे मौके पर तेज धमाके जैसी आवाज गूंज उठी। गर्डर के गिरते ही निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
श्रमिकों के अनुसार, नीचे गिरा गर्डर लगभग 53 मीटर लंबा था। इतना बड़ा ढांचा गिरने से मौके पर भारी कंपन महसूस हुआ और दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। घटना के बाद सुरक्षा मानकों और निर्माण प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
सेतु निगम के सुपरवाइजर के अनुसार, गर्डर को पिलर पर लकड़ी के गट्टों के सहारे रखा गया था। आशंका है कि इनमें से कोई गट्टा खिसक गया, जिससे गर्डर का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। वहीं, निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारी निखिल शर्मा का कहना है कि गर्डर स्थापित करने के दौरान क्रेन असंतुलित हो गई थी। इसके चलते गर्डर का संतुलन बिगड़ा और नीचे आ गिरा। अधिकारियों द्वारा घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments