युवती पर घर में घुसकर हमला, दराती से काटा कान

आगरा, 23 जून। थाना खंदौली क्षेत्र के गांव डेरा बंजारा (मौजा गिजौली) में दबंगों ने घर में घुसकर एक युवती पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावरों ने युवती के साथ बेरहमी से मारपीट की, दराती से उसका कान काट दिया और बचाव करने पर हाथ को दांतों से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के समय युवती घर पर अकेली थी। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पड़ोसी दबंग पुलिस में शिकायत किए जाने से नाराज थे। पीड़िता की मां शेरून पत्नी इसराइल के अनुसार रविवार को पड़ोसी भूरी पत्नी आसीन के साथ कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इसकी शिकायत तत्काल खंदौली थाना पुलिस से की गई थी। पुलिस सोमवार को गांव पहुंची, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गई। परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष का समधी मोहम्मद रफीक यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा स्थित पुलिस चौकी पर लगी पुलिस की बुलेरो गाड़ी चलाता है। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
परिजनों के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे उनकी बेटी गुड़िया घर पर अकेली थी। उसी दौरान भूरी, मुमताज, रेनू, हैदर अली, हनीफ तथा सारुख आ धमके। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और फिर एकजुट होकर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान भूरी ने दराती से गुड़िया के कान पर वार कर दिया, जिससे उसका कान कट गया। जान बचाने के लिए गुड़िया ने विरोध किया तो रेनू ने उसके हाथ को दांतों से काट लिया। हमलावरों ने युवती की चोटी पकड़कर उसे जमीन पर गिराया और जमकर मारपीट की। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल गुड़िया को लेकर खंदौली थाने पहुंचे। पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल आगरा भेज दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यदि रविवार को पहली शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करती तो सोमवार को दोबारा हमला नहीं होता। परिवार का यह भी कहना है कि टोल प्लाजा पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस की गाड़ी चलाने वाले व्यक्ति के प्रभाव के चलते आरोपियों को संरक्षण मिला और इसी कारण उनका मनोबल बढ़ा।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments