सगी बहन की हत्या में ओपी लाला के भतीजे निक्कू चौधरी को फांसी की सजा!
आगरा, 16 जून। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मृदुल दुबे की अदालत ने आरोपी ललित चौधरी उर्फ निक्कू चौधरी को सम्पत्ति विवाद में अपनी सगी बहन की हत्या के अपराध में फांसी की सजा सुनाई है। ललित कुख्यात शूटर ओपी लाला का भतीजा बताया गया है।
यह सजा करीब साढ़े तीन वर्ष पहले शहर को झकझोर देने वाले बहुचर्चित पूनम चौधरी हत्याकांड में सुनाई गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मामला 26 नवंबर 2022 का है, जब शाहगंज थाना क्षेत्र के जोगीपाड़ा बाजार में संपत्ति विवाद को लेकर दिनदहाड़े गोलियां चली थीं। आरोप है कि ललित चौधरी उर्फ निक्कू चौधरी ने अपनी सगी बहन पूनम चौधरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल पूनम को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई आरोपी की भाभी नीलू चौधरी भी गोली लगने से घायल हो गई थी। व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस ने लगातार दबिश और खोजबीन के बाद 28 नवंबर 2022 को आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने घटना से जुड़े साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई। फैसले के बाद अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इस निर्णय को जिले के चर्चित आपराधिक मामलों में एक महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है। _________________________________________

Post a Comment
0 Comments