दो मुठभेड़, चार बदमाश, तीन को लगी पुलिस की गोली, पूर्व प्रधान के हत्यारोपी और चेन स्नेचर गिरफ्तार
आगरा, 03 जून। कमिश्नरेट पुलिस ने पिछले चौबीस घंटे में दो अलग अलग मुठभेड़ों में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इन मुठभेड़ों में तीन अभियुक्तों के पैरों में गोली लगी। पकड़े गए अभियुक्तों में पूर्व प्रधान हत्याकांड के दो अभियुक्त और ताजमहल के यलो जोन में महिला पर्यटक से सोने की चेन लूटने वाले दोनों अभियुक्त शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, थाना जैतपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अवनीश यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों कृष्णा यादव और शिव प्रताप उर्फ गेंदा को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी शिव प्रताप ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए एक दरोगा की सरकारी रिवाल्वर छीन ली और फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शिव प्रताप के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
बता दें कि पिछले दिनों थाना जैतपुर क्षेत्र के गांव प्यारामपुरा के पास अवनीश यादव और उनके भाई उपेंद्र यादव कार से जा रहे थे। पहले से घात लगाए बैठे बाइक और कार सवार बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया था। करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बदमाशों ने कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुए हमले में अवनीश यादव की मौत हो गई जबकि उनका भाई उपेंद्र यादव घायल हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे गांव की पुरानी प्रधानी की रंजिश मुख्य वजह थी। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जैतपुर क्षेत्र में घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान शिव प्रताप ने एक पुलिसकर्मी की सरकारी रिवाल्वर छीन ली और पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
उधर ताजगंज क्षेत्र में महिला पर्यटक से चेन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन और अंसार के रूप में हुई है। दोनों थाना शाहगंज क्षेत्र के निवासी हैं और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। दोनों बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास होने की जानकारी सामने आई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ताजगंज क्षेत्र में आंध्र प्रदेश से आगरा घूमने आई एक महिला पर्यटक के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चैन झपट ली थी। यह घटना ताजमहल के यलो जोन जैसे संवेदनशील और हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई थी, जिसके बाद पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कई टीमें गठित की गई थीं। एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, दो तमंचे और तीन कारतूस बरामद किए हैं।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments