आगरा में बोले ओम बिरला- अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा, न्याय और सुशासन का अनुपम उदाहरण || एत्मादपुर में लोकमाता की प्रतिमा का अनावरण, पूजा पाल को किया सम्मानित
आगरा, 30 जून। जिले की एत्मादपुर तहसील स्थित मॉडल स्कूल ग्राउंड में मंगलवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर भव्य गौरव पर्व, प्रतिमा अनावरण और जनसभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा, न्याय और सुशासन का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक संकटों के बावजूद लोकमाता ने धैर्य, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व का परिचय दिया तथा ऐसा प्रशासन स्थापित किया, जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि लोकमाता ने देशभर में मंदिरों, तीर्थस्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं पुनर्निर्माण का कार्य कर भारतीय संस्कृति को नई ऊर्जा दी। उनका जीवन आज भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी का आह्वान भी किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ता है जब वह अपने महापुरुषों, इतिहास और संस्कृति का सम्मान करता है। उन्होंने काशी विश्वनाथ, सोमनाथ, केदारनाथ, महाकाल, ओंकारेश्वर, घृष्णेश्वर, रामेश्वरम, भीमाशंकर, नागेश्वर और बैद्यनाथ सहित अनेक तीर्थस्थलों के पुनरुद्धार में लोकमाता के योगदान का उल्लेख किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. रामशंकर राव शिंदे ने कहा कि महारानी बनने के लिए सिंहासन चाहिए, लेकिन लोकमाता बनने के लिए करोड़ों लोगों का विश्वास चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान राम, भगवान कृष्ण और छत्रपति शिवाजी महाराज पूरे देश के हैं, उसी प्रकार लोकमाता अहिल्याबाई भी पूरे भारत की प्रेरणा हैं।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल को सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनके पति राजू पाल को सच्ची श्रद्धांजलि दी है तथा महिला सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
दो घंटे देरी से आए लोकसभा अध्यक्ष
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपने निर्धारित समय दोपहर दो बजे के बजाय करीब दो घंटे की देरी से शाम 4 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल उन्हें मंच तक लेकर आए। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इससे पहले सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्य अतिथि के देरी से पहुंचने के कारण भीषण गर्मी में हजारों लोग घंटों तक कार्यक्रम स्थल पर बैठे रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गमछों और कार्डबोर्ड के टुकड़ों से हवा करते दिखाई दिए। आयोजन स्थल पर कूलर और पंखे लगाए गए थे, लेकिन भीड़ के मुकाबले उनकी संख्या कम पड़ गई।
अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. रामशंकर राव शिंदे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भारणे, राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते, विधान परिषद सदस्य गोपीचंद्र पडुलकर, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाह, चौ. बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, नवीन गौतम, पार्षद गौरव शर्मा, दिगंबर सिंह धाकरे भी मौजूद रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments