खाद्य विभाग का छापा, 50 किलो पनीर व 150 लीटर दूध नष्ट कराया
आगरा, 30 जून। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा कुकथला स्थित एक पनीर निर्माण इकाई पर आकस्मिक छापा मारा।
इस दौरान जांच हेतु मिश्रित दूध, घी एवं पनीर के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए। साथ ही, उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर लगभग 50 किलोग्राम पनीर एवं 150 लीटर मिश्रित दूध को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) महेंद्र श्रीवास्तव के निर्देशन में किए गए इस निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पनीर का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में किया जा रहा था।
इस पर खाद्य कारोबारकर्ता शिव कुमार पुत्र श्री बदन सिंह, निवासी ग्राम कुकथला, थाना अछनेरा को निर्माण इकाई में समुचित साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments