यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार वॉल्वो बस पीछे से ट्रेलर में जा घुसी, चार की मौत, 27 घायल

मथुरा, 30 जून। यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा जिले में आज मंगलवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार वॉल्वो बस ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 27 लोग घायल हो गए। यह हादसा राया थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्री बस में फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खिड़कियां व गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। 
सूचना मिलते ही मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। एसएसपी ने मीडिया को बताया कि हादसे में बस चालक उपदेश यादव, परिचालक, क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। इसमें 65 यात्री सवार थे। 
बताया गया है कि हादसे के समय नियमित ड्राइवर नहीं, बल्कि परिचालक बस चला रहा था। गैस कटर की मदद से बस काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
सभी 27 घायलों को मथुरा जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है। कुछ घायलों को आगरा रेफर किया गया। कुछ मरीज दिल्ली के रहने वाले हैं। उन्हें भी आगे भेजा गया। दो-तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। 
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments