ताजमहल के निकट थर्माकोल के गोदाम में भीषण आग, चार दमकलों ने डेढ़ घंटे में काबू पाया

आगरा, 19 जून। ताजमहल के निकट शिल्पग्राम के सामने धांधूपुरा स्थित एक थर्माकोल गोदाम में शुक्रवार की शाम भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही थाना एकता की पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की दमकलें मौके पर पहुंच गईं। चार दमकलों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रात्रि नौ बजे तक अग्निकांड स्थल को ठंडा करने के प्रयास जारी थे।
धांधूपुरा के टीन का नगला में स्थित इस गोदाम में सायं करीब सात बजे लगी आग की लपटें देखते ही देखते ऊंची उठने लगीं और काले धुएं का गुबार ताजमहल तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि गोदाम में थर्माकॉल और कार्टन रखे हुए थे, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। वहांं मौजूद कर्मचारियों ने आग को अपने स्तर से काबू करने का प्रयास किया, लेकिन विकराल लपटें देख वह भागकर बाहर निकल आए। 
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र कुमार सिंह और अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर भी मौके पर पहुंच गए। सोमदत्त सोनकर ने बताया कि अंकित अग्रवाल नामक व्यक्ति ने पंद्रह दिन पहले ही यह गोदाम लिया था। गोदाम में सुरक्षा उपकरण नहीं थे। आग लगने के बाद गोदाम मालिक मौके पर नहीं पहुंचा।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
आग आसपास घरों तक पहुंचने की आशंका से लोग दहशत में आ गए। गोदाम में लगी आग से आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दमकलें आग पर काबू पाने में जुट गईं।
आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। 
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments