Agra News: खबरें आगरा की....
कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत का शुभारंभ
आगरा, 19 जून। सिल्वर सिटी रोहता, ग्वालियर रोड, स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में शुक्रवार को श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ एवं कथा महोत्सव शुरू हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, क्षेत्रीय निवासी शामिल हुए।
कलश यात्रा राधा कृष्ण मंदिर, सिल्वर सिटी से बैंड-बाजों, धार्मिक ध्वजों एवं जयघोषों के साथ प्रारंभ हुई। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। कथा वाचक बाल व्यास आचार्य नरेश शास्त्री बग्गी पर विराजमान होकर शोभायात्रा में सम्मिलित हुए।
यात्रा के दौरान प्रमुख रूप से किशोर तिवारी, करुणा तिवारी, राजेंद्र कुमार पाराशर, श्रीमती सर्वेश पाराशर सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
________________________________________
वाइल्डलाइफ़ एसओएस ने एक ही दिन में तीन रेप्टाइल्स को पकड़कर जंगल में छोड़ा
आगरा , 19 जून। वाइल्डलाइफ़ एसओएस ने एक ही दिन कॉलेज कैंपस, पार्किंग में लगी स्कूटी और ज़िला एवं सत्र न्यायालय के पूर्व जज के घर से तीन सरीसृपों (रेप्टाइल्स) को बचाया। स्वस्थ पाए जाने पर टीम ने उन्हें उपयुक्त जंगल में छोड़ दिया।
पहला रेस्क्यू ऑपरेशन आगरा के सेंट पीटर्स कॉलेज में किया गया, जहाँ स्टाफ़ ने कैंपस में पानी की टंकी के पास एक इंडियन रैट स्नेक को आराम करते हुए देखा। रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट ने साँप को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला और उसे जंगल में छोड़ दिया।
शहर की एक हाउसिंग कॉलोनी के लोगों ने हेल्पलाइन पर संपर्क किया। उन्होंने देखा कि तेज़ गर्मी से बचने के लिए मॉनिटर लिज़र्ड (गोह) वहाँ खड़ी एक स्कूटी के अंदर छिप गई थी। स्थानीय लोग घबराए हुए थे और कोई मैकेनिक स्कूटी के पास जाने को तैयार नहीं था, इसलिए वाइल्डलाइफ़ एसओएस की रेस्क्यू टीम ने खुद ही स्कूटी के ज़रूरी हिस्सों को सावधानी से खोला और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
तीसरा रेस्क्यू आगरा में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट के पूर्व जज के घर से किया गया, जहाँ एक बंगाल मॉनिटर लिज़र्ड ने परिसर की छायादार जगह में पनाह ले रखी थी। सूचना मिलने पर, रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुँची और उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर दूसरी जगह रिलीज़ किया।
________________________________________
दिव्यांग यात्रियों हेतु पांच व्हीलचेयर भेंट
आगरा, 19 जून। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रोटरी क्लब ऑफ आगरा नॉर्थ द्वारा शुक्रवार को दिव्यांग यात्रियों की सुविधा हेतु पांच व्हीलचेयर रेलवे प्रशासन को प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक आगरा कैंट संतोष कुमार त्रिपाठी, डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास, रोटरी क्लब ऑफ आगरा नॉर्थ के अध्यक्ष राज राजन बंसल, सचिव पवन गर्ग, कोषाध्यक्ष एस.पी. कपूर, संयोजक मुकेश गर्ग, नरेश सूद, पवन गर्ग, अरुण जैन, डॉ. पी.एन. अस्थाना, एस.सी. जैन, एस.पी. कपूर, आलोक मुद्गल, एन.के. पांडेय, नरेंद्र बंसल, अक्षय गुप्ता, डॉ. निशा अग्रवाल ने सहभागिता की।
मंडल वाणिज्य निरीक्षक सियाराम मीना, स्टेशन प्रबंधक प्रमेंद्र , मुख्य प्रचार निरीक्षक मोहन मीना भी उपस्थित रहे।
________________________________________
नवीन जैन ने किया निर्माणाधीन आगरा मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण
आगरा, 19 जून। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने शुक्रवार को सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम के समीप निर्माणाधीन आगरा मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी परियोजना अधिकारियों से प्राप्त की तथा कार्यों की समीक्षा की।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा इन दिनों जनजागरण कार्यक्रम किए जा रहे हैं। नवीन जैन ने उम्मीद जताई कि आगरा मेट्रो का पूर्ण संचालन होने पर शहरवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महामंत्री नितेश शिवहरे एवं मुकेश गुप्ता, मेट्रो परियोजना निदेशक अरविंद राय सहित मेट्रो के अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
________________________________________
ब्रह्माकुमारीज के सेवा केंद्रों पर सामूहिक योगाभ्यास
आगरा, 19 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व बेला में, ब्रह्माकुमारीज के प्रभु मिलन और प्रभु संगम सेवा केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक योगाभ्यास किया गया।
विगत 50 वर्षों से निरंतर योगाभ्यास करते रहे अमर भाई ने बताया कि योग मात्र योगासन, और अन्य योग क्रियाओं तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसी मनोदैहिक साधना है जो सभी के लिए रोग हर रोग निवारण, स्वास्थ्य संवर्धन हेतु स्वीकार की जा रही है। आगरा जोन सह प्रभारी अश्विना दीदी ने कहा कि आजकल के जीवन की व्यस्त दिनचर्या में अपनी अंत हीन चिंताओं, दुर्बलताओं, स्नायु विकारों, से मुक्ति के लिए ध्यान योग साधना बहुत उपयोगी सिद्ध हुई है। बदले हुए अनेक जीवन इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। योगाभ्यास की नि:शुल्क सुविधा व्यवस्था महानगर के सभी सेवा केंद्रों पर सभी के लिए उपलब्ध है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments