सनसनीखेज: दौड़ती कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूर्व प्रधान की हत्या, भाई घायल, वर्तमान प्रधान पर लगा आरोप, पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले
आगरा, 02 जून। एक सनसनीखेज वारदात में थाना जैतपुर क्षेत्र के निवासी पूर्व प्रधान की दौड़ती कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। हमले में उनका भाई भी घायल हो गया। बताया गया है कि हमलावरों ने करीब 25 राउंड फायरिंग की।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व प्रधान अवनीश यादव और उनके भाई उपेंद्र यादव पुत्रगण किताब सिंह सोमवार की रात कार से गांव से जैतपुर अपने घर लौट रहे थे। गढ़ी प्रतापपुरा स्टेट हाईवे पर उनकी कार का पीछा बाइक और कार सवार करने लगे। कार और बाइक सवारों ने कार पर फायरिंग की, इससे कार का टायर फट गया। कार और बाइक सवार अवनीश यादव की कार के सामने आए गए, अवनीश और उपेंद्र पर करीब 25 राउंड फायरिंग की।
पुलिस ने अवनीश और उपेंद्र यादव को सीएचसी जैतपुर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया। उपेंद्र के हाथ में गोली लगी है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
बताया गया है कि गांव शाहपुर गुर्जर निवासी पूर्व प्रधान अवनीश यादव (50 वर्ष) और इंदराज यादव के बीच प्रधानी के चुनाव की कई सालों से रंजिश चल रही थी। अवनीश यादव ने वर्ष 2016 में प्रधानी का चुनाव जीता था, वर्तमान में इंद्रराज प्रधान हैं। अवनीश यादव जैतपुर में रहते थे, पुरानी चुनावी रंजिश का मामला कोर्ट में चल रहा है। सोमवार को अवनीश यादव और उनके भाई उपेंद्र यादव गवाही देने कोर्ट गए थे। वहां से लौट कर गांव आ गए और खेत पर काम किया।
परिजनों का कहना है कि अवनीश को गवाही देने से रोका जा रहा था, गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। अवनीश के परिवार में पत्नी स्नेहलता, दो बेटे आशीष और बाबू हैं।
डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा, हमलावरों को अरेस्ट करने के लिए टीमें लगाई गई हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त बाह हरे कृष्ण शर्मा ने जानकारी दी कि पीड़ित पक्ष द्वारा ग्राम प्रधान इंद्राज यादव को मुख्य आरोपी नामजद करते हुए कुछ अन्य व्यक्तियों के नाम भी बताए गए हैं। वारदात के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया है, पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए हैं तथा कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments