नगर निगम की उदासीनता से शास्त्रीपुरम फिर बना टापू, राजामंडी बाजार में बारिश से लाखों का नुकसान
आगरा, 02 जून। शहर में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश से बाजारों और कॉलोनियों में भारी नुकसान हुआ है। इन बाजारों और कालोनियों में पानी भर गया। बारिश से जगह-जगह सड़क धंसने से गड्ढे हो गए, पुरानी मंडी से विक्टोरिया पार्क पर सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया है। सड़कों पर गड्ढे में पानी भरने से वाहन पलट गए।
तेज बारिश ने नगर निगम के दावों की एक बार फिर पोल खोल दी। वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे शास्त्रीपुरम में फिर तीन-तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव दोपहर तक बना हुआ था। यहां नगर निगम ने पम्प सेट लगाकर जल निकासी की भी जरूरत नहीं समझी। परेशान लोग जल प्लावन की स्थिति में घरों में बंधक होकर रह गए। क्षेत्रीय पार्षद प्रवीणा राजावत ने नगर निगम के अधिकारियों को शास्त्रीपुरम की खराब हालत बताई, लेकिन उसका भी कोई असर दिखाई नहीं दिया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि नगर निगम अधिकारियों की उदासीनता के कारण पार्षदों को जनता की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। उधर शास्त्रीपुरम समिति ने जनप्रतिनिधियों को नकारा मानते हुए आगामी चुनाव में सबक सिखाने का निर्णय लिया है।
तेज बारिश के चलते छीपीटोला में दो मंजिला मकान की दीवार गिर गई, मकान के आगे के हिस्से की दीवार गिरने से लोग दहशत में आ गए। राजामंडी बाजार की बंद दुकानों में पानी घुस जाने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ। सुबह जब दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोली तो अंदर रखा लाखों रुपये का माल पानी में भीग चुका था। दुकानों में कीचड़ जमा हो गई थीं।
आईएसबीटी के निकट दो ट्रक टकराए, एक पलटा
उधर मथुरा हाईवे पर आगरा से मथुरा के लिए जाने वाली लेन पर आईएसबीटी से 50 मीटर पहले मंगलवार की सुबह दो ट्रक टकरा गए। भीषण हादसे में एक ट्रक पलट गया। इससे आगरा से मथुरा जाने वाला रोड बंद हो गया है। रोड बंद होने से आगरा से मथुरा जाने वाले सैंकड़ों वाहन फंस गए। आगरा यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए आगाह किया कि मथुरा जाने वाले यात्री आगरा मथुरा हाईवे पर आईएसबीटी से होते हुए न जाएं। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments