Agra News: खबरें आगरा की....
पत्रकारों, कलासाधकों का परिचय कोश प्रकाशित करेगी संस्कार भारती
आगरा, 24 जून। संस्कार भारती महानगर द्वारा शहर के पत्रकारों सहित सभी कलासाधकों का एक परिचय कोश प्रकाशित करने का निर्णय किया गया है। सभी का परिचय एक गूगल फॉर्म के माध्यम से संग्रह किया जाएगा। इस गूगल फॉर्म को माधव भवन, जयपुर हाउस पर बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जारी किया गया।
प्रचारक और संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी बांकेलाल ने कहा कि समय-समय पर इसको अपडेट भी किया जाएगा। अध्यक्ष और परिचय कोश योजना के सूत्रधार राजीव द्विवेदी ने कहा कि इस परिचय कोश की डिजिटल कॉपी सभी को नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। संयोजक डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि परिचय कोश में पत्रकार, चित्रकार, संगीत, गायन, वादन, नृत्य, नाटक, लोककला, साहित्यकार, कहानीकार, कवि आदि आदि सभी विधाओं के कलाकारों को सम्मिलित किया जाएगा। इस अवसर पर संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, प्रांतीय संरक्षक आलोक आर्य, कवि अशोक गोयल, प्रेमचंद अग्रवाल, अनीता भार्गव, श्याम तिवारी, नीता गर्ग, प्रभुदत्त उपाध्याय, सी ए विवेक अग्रवाल, डॉ विनोद माहेश्वरी, छीतरमल गर्ग, राजीव सिंघल, अमित अग्रवाल, एस एन गर्ग, नन्द किशोर, ओम स्वरूप गर्ग उपस्थित रहे।
_________________________________________
जीवन बीमा निगम की लाइब्रेरी से पाम सिवेट को बचाया
आगरा, 24 जून। सिकंदरा स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम की लाइब्रेरी से वाइल्डलाइफ एसओएस ने एक मादा एशियन पाम सिवेट (पैराडॉक्सुरस हर्माफ्रोडिटस) को बचाया।
ऑफिस के कर्मचारियों ने जानवर को देखा और वाइल्डलाइफ एसओएस आगरा-मथुरा रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट की हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर इसकी सूचना दी। सिवेट को जंगल में उसके रहने लायक सही जगह पर छोड़ दिया गया। एशियन पाम सिवेट को वाइल्डलाइफ़ प्रोटेक्शन एक्ट, 1972 की अनुसूची के तहत संरक्षित किया गया है। मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहने वाले यह जीव, बीज फैला कर पर्यावरण में अहम भूमिका निभाते हैं और जंगल को फिर से पनपने में मदद करते हैं। वाइल्डलाइफ़ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण, कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर, बैजू राज एम.वी ने यह जानकारी दी।
_________________________________________
श्रीजगन्नाथ महाभिषेक (स्नान यात्रा) महोत्सव 29 को
आगरा, 24 जून। श्रीजगन्नाथ मंदिर द्वारा महाराजा अग्रसेन भवन लोहामंडी में 29 जून को श्रीजगन्नाथ महाभिषेक (स्नान यात्रा) महोत्सव आयोजित किया जाएगा। पंच नदियों के जल व पंचगव्य से अभिषेक होगा। भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग गजानन स्वरूप में दर्शन देंगे। सुबह मंगला आरती व राज भोग के उपरान्त श्रीजगन्नाथ भगवान शोभायात्रा मृदंग और मंजीरों संग हरि कीर्तन करते हुए महाराजा अग्रसेन भवन के लिए प्रस्थान करेगी।
यात्रा सम्पन्न होने के बाद मंदिर के पट अगले 15 दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान भगवान के विग्रहों की विशेष सेवा, उपचार और श्रृंगार किया जाएगा। पंद्रह दिनों के पश्चात भगवान पुनः भक्तों को दर्शन देंगे, जिसे "नवयौवन दर्शन" कहा जाता है। इसके बाद रथ यात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने एक विज्ञप्ति में दी।
_________________________________________
बिहार में भाजपा शासन में भरत भूषण तिवारी की हत्या की निंदा
आगरा, 24 जून। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमाशंकर शर्मा ने एक बयान में बिहार के भाजपा शासन में विगत 17 जून को भोजपुर जिले के बेलौठी गांव में 27 वर्षीय नौजवान भरत भूषण तिवारी की पुलिस द्वारा कथित फर्जी एनकाउंटर कर हत्या पर गंभीर रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा शासन में ब्राह्मणों की चुन-चुन कर हत्याएं की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश की तरह अब बिहार में भी भाजपा शासन ब्राह्मणों की हत्या करने पर उतारू है। इससे भाजपा का ब्राह्मण विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है।
_________________________________________
प्रमुख सचिव ने किया यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण
आगरा, 24 जून। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान द्वारा बुधवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल के साथ शिल्पग्राम में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल एवं छत्रपति शिवाजी म्यूजियम का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। तत्पश्चात प्रमुख सचिव ने एके द्विवेदी एचओडी पीडब्ल्यूडी के नेतृत्व में टीम को भेजकर, इंटीग्रेटेड मैनुफैक्चरिंग क्लस्टर के अंतर्गत निर्माणाधीन फोर लेन का निर्माण कार्य जीएसबी के जांच हेतु नमूने संकलित कराए। उन्होंने तारघर से मधुनगर (पुराना ग्वालियर रोड) तक हुए विशेष मरम्मत के कराए गए कार्य की गुणवत्ता की जांच की एवं मशीन से कोर काटकर सैंपल लिया गया।
_________________________________________
बॉलीवुड एक्टर सुनील शाक्य को "नटरांजलि गौरव सम्मान"
आगरा, 24 जून। नटरांजलि थियेटर आर्टस के कलाकार सुनील शाक्य को सिकंदरा स्थित एक रेस्टोरेंट में "नटरांजलि गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया।
सुनील की हाल ही में रिलीज फिल्म चर्चित हॉन्टेड 3D फिल्म में कास्टिंग के साथ ही थानेदार का रोल किया है। सभी पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर "नटरांजलि गौरव सम्मान" से सम्मानित किया। सम्मानित करने वालों में रोहित कत्याल, लालाराम तैनगुरिया, पारुल भारद्वाज, रुपेन्द्र राना, वर्षा दुबे एवं संस्था निदेशक अलका सिंह शर्मा रहे। बॉलीवुड अभिनेता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरु अलका सिंह शर्मा को दिया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments