आगरा मेट्रो के चार नये स्टेशनों के विजुअल्स जारी, ताजमहल से आईएसबीटी तक संचालन की तैयारी
आगरा, 24 जून। आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर के सभी शेष भूमिगत मेट्रो स्टेशन यात्री सेवाओं के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का फिनिशिंग कार्य भी अंतिम चरण में है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा लगातार इस भाग मेट्रो ट्रेन का ट्रायल किया जा रहा है। यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए ताज महल से आईएसबीटी तक मेट्रो की सीधी सुविधा मिलने जा रही है। यात्री महज़ 15-20 मिनट में ताजमहल से आईएसबीटी पहुँच सकेंगे। राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने की सुविधा भी मिलेगी।
यूपी मेट्रो द्वारा मेट्रो स्टेशनों के विजुअल्स जारी कर दिए गए हैं। देश विदेश से आने वाले पर्यटक यदि आईएसबीटी पर आयेंगे, तो उन्हें मेट्रो स्टेशन पर बने सुविधाजनक पीडी आउटलेट्स जैसे रेस्टोरेंट्स, किऑस्क्स, हैंडीक्राफ्ट की दुकान, आदि भी मिलेंगे। इसके साथ यात्रियों को आईएसबीटी से राजा की मंडी एवं आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
यात्री आगरा मेट्रो के गोस्मार्ट एनसीएमसी कार्ड से देश भर की मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे। आगरा मेट्रो का गोस्मार्ट एनसीएमसी कार्ड एक इंटर-ऑपरेटेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, यानी इस कार्ड का इस्तेमाल देश की दूसरी मेट्रो, बस, पार्किंग, रिटेल सेवाओं के लिए भी किया जा सकता है जो एनसीएमसी कार्ड का अनुपालन करती हैं। एनसीएमसी कार्ड के ज़रिए यात्री पूरे देश में आसानी से यात्रा कर सकते हैं। इससे यात्रा के दौरान समय और ऊर्जा की बचत के साथ-साथ निर्बाध आवागमन का रास्ता भी खुलता है। आगरा मेट्रो के गोस्मार्ट कार्ड पर हर यात्रा में 10 प्रतिशत तक की छूट भी मिलती है।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments