Agra News: खबरें आगरा की...

आगरा में भी कांग्रेसी नेता हाउस अरेस्ट!
आगरा, 30 जून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या जाने से रोके जाने के साथ ही पुलिस प्रशासन ने शहर में भी कांग्रेसी नेताओं को घेरेबंदी कर दी। शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता के कमलानगर स्थित फ्लैट पर सोमवार देर रात्रि से ही पुलिस पहुंच गई और उनकी निगरानी शुरू कर दी।
राजीव गुप्ता ने पुलिस पर उन्हें अकारण हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रातभर पुलिसकर्मी उनके घर के बाहर मौजूद रहे और उन्हें मंगलवार की सुबह से भी किसी निजी कार्य से जाने से रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस शहर अध्यक्ष सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारियों की भी निगरानी करती रही।
गौरतलब है कि इन दिनों अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मामला गरमाया हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय चोरी के मुद्दे को उठाने की तैयारी में थे, पुलिस ने उन्हें होटल में अरेस्ट कर लिया। उसके बाद ही प्रदेशभर में कांग्रेसी नेताओं को रोके जाने की कार्रवाई की गई।
________________________________________
जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम का मिशन-24
आगरा, 30 जून। नगर निगम ने मानसून में जलभराव से निपटने के लिए मिशन-24 तैयार किया है। इसके तहत 24 घंटे के अंदर छोटे निर्माण कार्य शुरू करने होंगे। पानी निकालने के लिए पंप पर 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। साथ ही नालों का फिर से निरीक्षण कराया जाएगा और चोक मिलने पर सफाई कराई जाएगी।
नालों की सफाई न होने, पार्षदों के विरोध प्रदर्शन और लोगों की नाराजगी के बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सभी जोनल अधिकारियों, सहायक अभियंताओं, जूनियर इंजीनियरों को निर्देश दिए कि जलभराव की हर छोटी-बड़ी वजह पर तत्काल कार्रवाई करें। संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। 
किसी क्षेत्र में मैनहोल का ढक्कन लगाना हो, जलभराव की समस्या दूर करनी हो, छोटी पुलिया या नाली का निर्माण कराना हो या किसी नाली को सीवर लाइन से जोड़ना हो, तो एसएफआई सीधे संबंधित जेई को सूचना देंगे। जेई को 24 घंटे में कार्य प्रारंभ कराना होगा। अगले दस दिन तक प्रतिदिन शाम को निर्माण एवं सफाई कार्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग होगी। रात में बारिश होने पर पंप संचालन के लिए अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
________________________________________
जीएसटी की समस्या एवं सुझावों पर चर्चा 
आगरा, 30 जून। नेशनल चैम्बर के जीएसटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन अमर मित्तल एवं पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार गोयल ने जीएसटी प्रिंसिपल कमिश्नर सुरक्षा कटियार, एडीशनल कमिश्नर अजय मिश्रा, संयुक्त आयुक्त पंकज सक्सेना के साथ जीएसटी की समस्या एवं सुझावों पर चर्चा की।
प्रधान आयुक्त ने कहा कि जीएसटी ने पूरे देश को एक राष्ट्र-एक कर एक बाजार की अवधारणा को सशक्त बनाया है। उन्होंने व्यापारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों से अपील की कि वे समय पर रिटर्न दाखिल करें, सही कर भुगतान सुनिश्चित करें तथा स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा दें।
अमर मित्तल ने कहा कि आयरन स्क्रैप में उद्योग एवं व्यापार को आने वाली समस्याओं का निस्तारण शीघ्र कराया जाना चाहिये।
________________________________________
आर. बी. एस. अचीवर्स ने जीती क्रिकेट श्रृंखला
आगरा, 30 जून। आर. बी. एस. इंटर कॉलेज क्रिकेट एकेडमी में अंडर - 14 के खिलाड़ियों के मध्य तीन मैचों की श्रृंखला के तीसरे मैच में  आर. बी. एस. अचीवर्स ने आर. बी. एस. चैलेंजर्स को संघर्षपूर्ण मैच में 1 विकेट हराकर श्रृंखला 2-1 से जीत ली।
निर्धारित 30 ओवरों के मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आर. बी. एस. चैलेंजर्स की पूरी टीम 27.1 ओवरों में 209 रन बनाकर आउट हो गई। युवान पाठक ने 72, आर्यन ने 21 एवं देवांश ने 19 रन बनाये। आर. बी. एस. अचीवर्स की ओर से अरिहान ने 4 व आयुष कश्यप ने 3 विकेट लिये। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए ऋत्विक व आदित्य रघुवंशी ने आर. बी. एस. अचीवर्स ने 29.4 ओवरों में 9 विकेट खोकर 214 रन बनाकर मैच जीत लिया। ऋत्विक व आदित्य रघुवंशी ने 55-55 एवं शिवांश ने नाबाद 54 रन बनाये। आर. बी. एस. चैलेंजर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रवीण ने 4 व ऋषभ ने 2 विकेट लिये। 
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार युवान पाठक को प्रदान किया गया । मैच के उपरांत पुरस्कार वितरण में अंडर -14 में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ शिवांश मिश्रा , सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ क्रिशिव, एवं सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार युवान पाठक को प्रदान किया गया । अंडर -17 में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ कृष्णा मिश्रा, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ रोहन कुमार एवं सीरीज के सर्वश्रेठ खिलाड़ी कृष कश्यप रहे।
मुख्य अतिथि रूपम चतुर्वेदी , विशिष्ट अतिथि डी. के. सिंह , डॉ. चंद्रशेखर शर्मा , अभिशेख गर्ग एवं नागेश पंडित ने पुरस्कार वितरित किए। आयोजन सचिव विवेक यादव, अतुल सोलंकी, पूर्व क्रिकेटर नवीन गोस्वामी, राव हरेंद्र सिंह, फैसल रईस, हेमंत चाहर, अमित चौहान, कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा उपस्थित थे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments