प्रदेशभर के बेसिक स्कूलों की छुट्टियां 24 जून तक बढ़ीं
लखनऊ, 16 जून। प्रदेश सरकार ने भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रण वाले सभी परिषदीय विद्यालयों तथा मान्यता प्राप्त स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 24 जून तक बढ़ाने के आदेश दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवकाश अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में भीषण गर्मी की परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारियों द्वारा स्थानीय स्तर पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाता था। हालांकि इस बार शासन ने स्थायी व्यवस्था लागू करते हुए ग्रीष्मावकाश की अवधि में संशोधन कर दिया है।
नए आदेश के अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रण वाले विद्यालयों में अब हर वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मावकाश रहेगा। इससे पहले यह अवकाश अवधि 20 मई से 15 जून तक निर्धारित थी। अब छात्रों को पहले की तुलना में नौ दिन अतिरिक्त अवकाश मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बेसिक शिक्षा के विद्यालय ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद खुल गए थे और छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचने लगे थे। लेकिन शासन के नए आदेश के बाद विद्यालयों को पुनः बंद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब सभी संबंधित विद्यालय 25 जून से नियमित रूप से संचालित होंगे।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments