Agra News: खबरें आगरा की...

दिवंगत विधायक जगन प्रसाद गर्ग सहित आठ को मिलेगा बेस्ट फादर अवार्ड
आगरा, 18 जून। सामाजिक संस्था 'एक पहल' के साथ 'अफलातून आगरा फाउंडेशन' द्वारा 21 जून को दोपहर 3:30 बजे खंदारी स्थित एक होटल में में बेस्ट फादर अवार्ड का आयोजन किया जाएगा। 
गुरुवार शाम दयालबाग रोड स्थित एक होटल पूनम प्लाजा में आयोजन की जानकारी दी गई।  संरक्षक पार्षद मुरारी लाल गोयल, आदर्श नंदन गुप्त, संयोजक राजकुमार उप्पल और अंकित खंडेलवाल ने बताया कि इस बार दिवंगत पूर्व विधायक जगन प्रसाद गर्ग, समाजसेवी स्वर्गीय अशोक अग्रवाल और स्वर्गीय अर्जुन देव अरोड़ा को मरणोपरांत बेस्ट फादर के रूप में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा ख्याति प्राप्त महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के पिता श्रीभगवान शर्मा, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग के पिता राम प्रकाश गर्ग, समाज को आईएएस अधिकारी और चिकित्सक बेटे प्रदान करने वाले पिता राकेश कुमार सिंह, रोल बॉल की वर्ल्ड कप स्वर्ण पदक विजेता बिटिया के पिता दिग्विजय पचौरी, बाल कलाकार और मॉडल बनाने वाले पिता रोहन आहूजा को भी बेस्ट फादर अवार्ड दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान उद्घाटनकर्ता और उद्यमी नजीर अहमद विशिष्ट अतिथि रहेंगे। सुरेश चंद्र गर्ग समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
इस दौरान डॉ. संजीव नेहरू, वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल जैन, रिंकू पठान मौजूद रहे।
__________________________________________
प्रो चित्रलेखा सिंह संस्कार भारती ब्रज प्रांत की प्रांतीय संरक्षक बनीं
आगरा, 18 जून। संस्कार भारती ब्रज प्रांत के महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग की सूचना के अनुसार वरिष्ठ चित्रकार एवं साहित्यकार प्रोफेसर चित्रलेखा सिंह को संस्कार भारती ब्रज प्रांत की प्रांतीय संरक्षक घोषित किया गया है।
डॉ बी आर अंबेडकर विश्वविद्यालय की फाइन आर्ट डिपार्टमेंट की पूर्व डीन, आगरा कॉलेज के चित्रकला विभाग की पूर्व अध्यक्ष, ललित कला संस्थान की संस्थापक निदेशक, मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ की कुलपति रहीं 81 वर्षीया प्रो डा चित्रलेखा सिंह संस्कार भारती से 1975 से जुड़ी हुई हैं। संस्कार भारती के पदाधिकारियों ने उनकी नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त किया है।
__________________________________________
भाजपा ने किया चैंबर उद्यमियों का सम्मान
आगरा, 18 जून। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का 12 वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रबुद्धजन सम्मान समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक ने नेशनल चैम्बर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के साथ ही उद्यमियों एवं व्यापारियों का सम्मान किया।
संजय प्लेस स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उद्यमी एवं व्यापारी देश की अर्थव्यवथा की रीढ़ होते हैं, उनका सम्मान देश का सम्मान होता है। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने कहा कि चैम्बर के सदस्यों की भूमिका चुनाव में अग्रणी होती हैं। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
चैम्बर अध्यक्ष मनोज बंसल ने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में अम्बा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, कृष्ण कुमार पालीवाल, सीताराम अग्रवाल, अनिल वर्मा, मनीष अग्रवाल, श्रीकिशन गोयल, शलभ शर्मा आदि उपस्थित थे। 
__________________________________________
कवयित्री निशिराज को बर्मिंघम में मिला सम्मान
आगरा, 18 जून। अंतरराष्ट्रीय संस्था गीतांजलि मल्टीलिंग्विस्टिक सोसाइटी, यूके द्वारा चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र एलन के फार्म हाउस पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था माधुर्य की अध्यक्ष निशिराज जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराई। निशिराज जैन को संस्था की मानद सदस्यता भी प्रदान की गई। 
इस दौरान डॉ. कृष्ण कुमार, परवेज मुजफ्फर, डॉ. राजीव, मधु शर्मा, उमेश, स्वर्ण तलवार, प्रतिमा, अलका, इंदु और राजकुमार जैन भी उपस्थित रहे।
__________________________________________
महापौर ने सिंगापुर की मंत्री को दिया आगरा आने का न्योता, विश्व नगर शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के मेयर व प्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग
आगरा, 18 जून। सिंगापुर में आयोजित विश्व नगर शिखर सम्मेलन एवं मेयरल फेलोशिप कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर ने सिंगापुर की संस्कृति मंत्री को ताजमहल की प्रतिकृति भेंट स्वरूप प्रदान की तथा उन्हें ताजनगरी आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
समापन समारोह का आयोजन मलेशिया के शाही महल में किया गया, जो 1800 ईस्वी में तत्कालीन राजा का महल था। समापन कार्यक्रम की मेजबानी सिंगापुर की संस्कृति मंत्री ने की। कार्यक्रम में विश्व के विभिन्न देशों से आए महापौरों एवं नगर प्रशासकों ने भाग लिया और सुशासन, पारदर्शिता तथा नागरिक-केंद्रित प्रशासन पर अपने विचार साझा किए।
__________________________________________
अनिल, मानसी, पराग और प्रीति बने विजेता
आगरा, 18 जून। भारतीय जीवन बीमा निगम, उत्तर मध्य क्षेत्र की 58 वीं टेबिल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता खेल गांव, दयालबाग में संपन्न हुई।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में अनिल श्रीवास्तव ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 2-0 से एवं महिला वर्ग में मानसी बत्रा ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 2-0 से हराया। टेबल टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पराग अग्रवाल ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 3-1 से एवं महिला वर्ग में प्रीति बूरा ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 3-1 से हराया। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पुरस्कार एवं समृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि पी.एस.नेगी, क्षेत्रीय प्रबंधक थे। मुख्य निर्णायक उपेंद्र ज्योतिषी एवं डा अलका शर्मा रहे।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments