Agra News-2: खबरें आगरा की -2....

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा, छह ईको कारें के साथ छह अभियुक्त गिरफ्तार 
आगरा, 18 जून। थाना सैंया, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से छह ईको कारें बरामद की हैं।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आदित्य कुमार ने मीडिया को बताया कि पिछले दिनों थाना सैंया क्षेत्र से एक ईको कार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत की जांच करते हुए संयुक्त टीम ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से 06 चोरी की ईको कारें एवं 05 मोबाइल फोन बरामद किए गए। ये कारें विभिन्न थाना क्षेत्रों से चुराई गई थीं। उन्होंने बताया कि गिरोह जिले के अलावा आस पास के जनपदों में भी वारदातों को अंजाम देता था। पकड़े गए अभियुक्तों में से एक पर पहले से छह और दूसरे पर पांच अन्य मुकदमे दर्ज हैं, एक अन्य पर भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। 
__________________________________________
पार्कों से विलायती बबूल हटाने का आदेश
आगरा, 18 जून। वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन ने एक विज्ञप्ति में बताया कि ताज ट्रिपेजियम जोन प्राधिकरण ने शहर के पार्कों से विलायती बबूल हटाने का आदेश दिया है। इस निर्णय से पालीवाल पार्क, मोतीलाल नेहरू पार्क, संजय पार्क, सर्किट हाउस एवं ताज व्यू गार्डन में देशी वृक्षों के रोपण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। 
प्राधिकरण की पिछले दिनों ही बैठक में केसी जैन ने यह मुद्दा उठाया था। मण्डलायुक्त नागेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि आगरा के सार्वजनिक पार्कों एवं उद्यानों में विद्यमान विलायती बबूल के संबंध में आवश्यक आंकड़े एवं सूचनाएँ एकत्र की जाएँ तथा उसके स्थान पर देशी (नेटिव) प्रजातियों का रोपण किये जाने हेतु आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाए।
टीटीजेड प्राधिकरण ने अधिकारियों को दिए निर्देश
टीटीजेड प्राधिकरण ने इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु उपनिदेशक/अधीक्षक उद्यान विभाग तथा उपवन संरक्षक (सामाजिक वानिकी) राजेश कुमार को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
__________________________________________
सांसद नवीन जैन ने देखी विकास प्रदर्शनी
आगरा, 18 जून। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने गुरुवार को तारघर मैदान लगी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी व विभिन्न विभागों के स्टालों को देखा और प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने आमजन से विकास प्रदर्शनी में आने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महामंत्री महेश शर्मा, नितेश शिवहरे, उपनिदेशक कृषि मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
_________________________________________
श्रीमद्भागवत कथा में धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश
आगरा, 18 जून। डिफेंस कॉलोनी स्थित कृष्णा मैरिज होम में चल रही श्रीमद्भागवत महापुराण में चौथे दिन कथा व्यास संतोष कृष्ण ने भक्तों को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया।
उन्होंने भगवान श्रीराम की महिमा, श्रीकृष्ण अवतार, सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की प्रेरणादायक कथा सहित अनेक धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। इस दौरान मधुर भजनों और संगीतमय प्रस्तुति से कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
इस कथा का आयोजन परीक्षित कृष्णा दुबे एवं के.सी. दुबे द्वारा कराया जा रहा है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद लाल सिंह कुशवाहा, राजीव सोई, भजनलाल, ज्ञानेंद्र यादव, डॉ. सत्येंद्र यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
__________________________________________
भगवान के 24 अवतारों का भावपूर्ण वर्णन
आगरा, 18 जून। लॉयर्स कॉलोनी स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के द्वितीय दिवस पर भगवताचार्य पं. नरोत्तम शास्त्री (वृंदावन) ने भगवान के 24 दिव्य अवतारों का अत्यंत भावपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वर्णन किया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए तथा भगवान के जयघोषों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथाव्यास ने बताया कि सृष्टि के कल्याण, धर्म की स्थापना एवं भक्तों की रक्षा के लिए भगवान समय-समय पर विभिन्न अवतार धारण करते हैं। श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन 24 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक किया जा रहा है। कथा परीक्षित अशोक दीक्षित एवं आस्था दीक्षित हैं। प्रकाश लता दीक्षित, सतीश चंद्र दीक्षित, विजेंद्र चंद्र दीक्षित, विनोद चंद्र दीक्षित, मुन्द्रा दीक्षित, आमोद चंद्र दीक्षित,  दिनेश चंद्र दीक्षित उपस्थित रहे।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments