Agra News: खबरें आगरा की...
आगरा कॉलेज में विधि इंटर्नशिप की शुरुआत
आगरा, 15 जून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं लीगल एड क्लीनिक, विधि संकाय,आगरा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन विधि इंटर्नशिप कार्यक्रम सोमवार को आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में शुरू हुआ।
मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार ने कहा कि विधिक शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूर्ण होता है जब विद्यार्थी न्यायिक प्रक्रिया की व्यवहारिक समझ विकसित करें तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए सेवा भावना के साथ कार्य करें।
प्राचार्य प्रो.सी.के.गौतम ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को समाज के जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशील रहकर विधिक सेवा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। संचालन अधिवक्ता प्रमिला शर्मा एवं डॉ.मदन मोहन शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
_________________________________________
ब्रिक्स एसएसएमई फोरम और तीसरे ब्रिक्स एमएसएमई-कार्य समूह की बैठक 19 व 29 जून को आगरा में
आगरा, 15 जून। सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के तत्वावधान में भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स-2026 में होने वाले पहले ब्रिक्स एसएसएमई फोरम और तीसरे ब्रिक्स एमएसएमई-कार्य समूह की बैठक 19 व 29 जून को ताजनगरी में होगी।
होटल ताज एंड कन्वेंशन सेंटर में 19 जून को केंद्रीय लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी और लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ब्रिक्स देशों से आए प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगी। सुबह 10:15 बजे से प्रदर्शनी का उद्घाटन और केंद्रीय लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के सचिव भरत खेरा का संबोधन से होगा। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तीसरी लघु एवं मध्यम उद्यम कार्य समूह बैठक (ब्रिक्स सदस्य देशों के लिए क्लोज डोर बैठक) एवं
"एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण वैश्विक मार्गों के लिए सतत जड़ें शीर्षक पर सतत विकास उन्मुख लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास पर राउंड टेबल सेशन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समानांतर लघु एवं मध्यम उद्यम कार्य समूह की प्राथमिकताओं पर ब्रिक्स सदस्यों के निजी क्षेत्र के हितधारकों द्वारा विचार-विमर्श होगा। कार्यक्रम में दोपहर से शाम तक विभिन्न सत्र होंगे। सायंकाल प्रदेश के लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी, केंद्रीय लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे और केंद्रीय लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी का संबोधन होगा।
_________________________________________
राकेश अग्रवाल के नेत्रदान से दो अंधकारमय जिंदगियां होंगी रोशन
आगरा, 15 जून। ट्रान्स जमुना कालोनी निवासी राकेश अग्रवाल (61) का सोमवार को निधन हो जाने पर उनके परिजन टीटू ने श्री बजाजा कमेटी से नेत्रदान प्रकिया पूरी कराने के लिए संपर्क किया। सूचना पर क्षेत्र बजाजा कमेटी के सहयोग से एस.एन.मेडिकल कॉलेज की आई बैक इंचार्ज डा.शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसिलर दीपक शर्मा व डाक्टर टीम द्वारा नेत्रदान प्रकिया पूरी कराई गई। उनके नेत्रदान से दो अंधकारमय जिन्दगियों में उजाला होगा।
कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, प्रभारी विशनू जैन, मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने नागरिकों से भी नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की है। नेत्रदान के लिए 9319809451 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
_________________________________________
गणधर वलय विधान के पहले दिन निकाली घटयात्रा
आगरा, 15 जून। आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में सोमवार को एम.डी जैन इन्टर कालेज हरीपर्वत के शान्ति सभागार गणधर वलय विधान शुरू हुआ। पल्लीवाल दिगम्बर जैन मन्दिर धूलियागंज से घटयात्रा निकाली गई जो एम.डी. जैन, हरिपर्वत पर समाप्त हुई।
सबसे पहले महिलायें 200 कलश लेकर चल रही थी और सभी इन्द्र - इंद्राणी बग्गियों पर सवार होकर चल रहे थे। बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया ने धार्मिक क्रियाएं, ध्वजारोहण प्रदीप जैन और पंडाल उद्घाटन विमलेश कुमार-उषा जैन, हीरालाल-बीना बैनाड़ा ने किया। दीप प्रज्वलन विमल कुमार सिंघई, राकेश जैन पार्षद, मनोज जैन बाकलीवाल, सुनील जैन ने किया। आर्यिका विज्ञमति माताजी ने धर्म सभा को संबोधित किया। मीडिया प्रभारी राहुल जैन के अनुसार दिनांक 16 जून को प्रातः 7 बजे से मुनि संघ एवं आर्यिका के सानिध्य गणधर वलय विधान के द्वितीय दिन शांति धारा सामूहिक पूजन मंगल प्रवचन होंगे l
_________________________________________
स्पोर्ट्स कॉलेज में चयन होने पर तीन खिलाड़ियों का स्वागत
आगरा, 15 जून। शहर के तीन हॉकी खिलाड़ियों का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में होने पर सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी और मास्टर्स हॉकी आगरा ने विगत दिवस उनका स्वागत किया। हर्ष बघेल, प्रिंस और मोहम्मद रियान शामिल हैं।
मास्टर्स हॉकी के अध्यक्ष राजीव सोई, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बघेल, सचिव अमिताभ गौतम, के.पी. सिंह, संजय नेहरू, गोपाल भगत, मोहम्मद शाहिद सीनियर, अजय सिंह राजपूत, बंटी यादव, धीरज मदान, देवेंद्र गुप्ता, गौरव रौतेला, दिलीप शर्मा, दिनेश शर्मा, सूरज ने चयनित खिलाड़ियों एवं उनके परिवारीजनों का स्वागत किया। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
_________________________________________
मोहर्रम को लेकर थाना मंटोला में ही बैठक
आगरा, 15 जून। थाना मंटोला में सोमवार को हुई बैठक में प्रस्तावित मोहर्रम को लेकर तैयारियों की चर्चा की गई।
बैठक में हिन्दुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने कहा कि मोहर्रम की दस तारीख अर्थात 26 जून को जिले की विभिन्न बस्तियों में रखे जाने वाले 'ताजिये" कर्बलाओं में 'सुपुर्दे खाक' किए जाएंगे। इस सुलहकुल की नगरी में हिन्दू-मुस्लिम एवं अन्य धर्मों के त्यौहार सदैव से सौहार्दपूर्ण एवं साम्प्रदायिक एकता के रूप में मनाएँ जाते रहे हैं। वैसा ही नजारा इस बार भी दिखाई देगा।
बैठक में थाना प्रभारी ने विश्वास दिलाया कि पुलिस कानून के पालन करने वालों के साथ है। वक्ताओं में मोहम्मद शरीफ कुरैशी, नन्द लाल भारती, अदनान कुरैशी, मुकेश कर्दम, राजकुमार नागरथ, हाजी असलम, हाजी कदीर, हाजी रसीदो, समीर कुरैशी, अली अस्मानी आदि थे।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments