जब्त दवाओं की कीमत करोड़ों में! नमूने जांच के लिए भेजे गए
आगरा, 15 जून। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा शहर के दवा बाजारों में छापेमारी कर जब्त की गई दवाओं की बाजार कीमत करोड़ों रुपये हो सकती है। भारी मात्रा में बरामद सैंपल और एक्सपायर्ड दवाओं को सीज कर उनके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जांच टीम ने फौवारा स्थित बोहरे रामगोपाल मार्केट, मुबारक महल, जैन कॉम्प्लेक्स, माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स, नवाबिया मार्केट, कम्मू टोला सहित एक दर्जन दवा बाजारों में छापेमारी की थी। इस दौरान बीस फर्मों और गोदामों की जांच की गई। करीब बारह गोदाम बंद मिले, जिनके ताले खुलवाकर निरीक्षण किया गया।
इस दौरान देश-विदेश की विभिन्न कंपनियों की एंटीबायोटिक, पेट रोग, अस्थमा, श्वांस रोग, त्वचा रोग और कॉस्मेटिक उत्पादों की बड़ी मात्रा बरामद हुई। फिजिशियन सैंपल के अलावा बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं भी पाई गईं।
छापेमारी के दौरान दो दवा कारोबारियों के निधन की खबर के बाद व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई। व्यापारियों ने औषधि विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने मीडिया को बताया कि बरामद सैंपल और एक्सपायर्ड दवाओं को सीज कर आगे की जांच की जा रही है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments