Agra News: खबरें आगरा की...

सर्वाधिक कर देने वाले दस व्यापारी सम्मानित
आगरा, 29 जून। मंडलायुक्त सभागार में दानवीर भामाशाह के जयंती के अवसर पर सोमवार को व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राज्य कर विभाग और संस्कृति विभाग के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर जनपद के पांच विभिन्न श्रेणियों में सर्वाधिक कर देने वाले दस व्यापारियों को सम्मानित किया गया। इनमें एशियन पेंट, पीएनसी इंफ्रा, जय पुष्पा पॉलीमर, मेराक व्हीकल, एलएलपी मगर ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड, एपीजे ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड, अग्रवाल टाइल्स एंड ग्रेनाइट, बृजलाल मणिलाल एंड कंपनी, बंसल एजेंसीज चंद्र इलेक्ट्रिकल और इंजीनियरिंग वर्क्स शामिल हैं। मुख्य अतिथि नगर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा विशिष्ट अतिथि मंजू भदौरिया अध्यक्ष जिला पंचायत, विशिष्ट अतिथि नागेंद्र प्रताप सिंह मंडल आयुक्त, राज्य कर विभाग के अपरायुक्त पंकज गांधी अन्य अधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
_______________________________________
खिलाड़ियों को फिजियोथैरेपी की जानकारी दी
आगरा, 29 जून। स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉकी मैदान पर संडे हॉकी कार्यक्रम में खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस के लिए जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। डॉ. आँचल सारस्वत ने खिलाड़ियों को विभिन्न प्रकार की चोटों से बचाव तथा चोट लगने के बाद उचित देखभाल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मास्टर्स हॉकी संघ के अध्यक्ष राजीव सोई ने डॉ. आँचल सारस्वत को स्मृति-चिन्ह भेंट किया।
_______________________________________
महाभिषेक महोत्सव के रूप में मनाया जगन्नाथ प्राकट्योत्सव
आगरा, 29 जून। लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में भगवान जगन्नाथ का प्राकट्योत्सव अन्तर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा महाभिषेक महोत्सव (देव स्नान यात्रा) के रूप में मनाया गया। महाभिषेक वृन्दावन इस्कॉन से आए राधे श्याम, प्रबोधानन्द सरस्वती स्वामी, देशावतार प्रभु, श्रीभक्ति आश्रय, वैष्णव स्वामी, पंचतत्व प्रभु, केशव मुरारी प्रभु, हरविजय प्रभु, बैकुण्ठ प्रभु, आगरा इस्कॉन के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने सम्पन्न कराया। गंगा, यमुना, नर्मदा, शिप्रा व उड़ीसा की महानदी (मंचनदियों) के जल, पंजामृत व फलों के रस के 251 कलशों से भगवान का अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद भगवान का गजानन स्वरूप में श्रंगार किया किया गया। भक्तों द्वारा तैयार 56 भोग भी लगाए गए। 
सुबह 11 बजे श्रीहरि को मंदिर से पालकी में बैठाकर मृदंग व मंजीरों संग कीर्तन के साथ अभिषेक स्थल महाराजा अग्रसेन भवन लोहामंडी पर लाया गया।
महाभिषेक महोत्सव के बाद से 14 जुलाई तक श्रीहरि का चावल, रोटी का भोग नहीं लगेगा। मान्यता के अनुसार बीमार पड़े श्रीहरि को इन दिनों खिचड़ी, दलिया, च्यवनप्राश, विभिन्न प्रकार के काड़े व अन्य औषधियां दी जाएंगी। भगवान जगन्नाथ 14 जुलाई तक भक्तों को भी दर्शन नहीं देंगे। स्वास्थ्य ठीक होने के बाद 15 जुलाई को नयम उत्सव (नवयौवन वेश) में श्रीहरि बहन सुभद्रा व भाई बलराम के साथ भक्तों को दर्शन देंगे। 16 जुलाई को बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से रथयात्रा का आयोजन होगा।
______________________________________
कबीर की साखी, शबद और अंगिका रचनाओं का संगीतबद्ध प्रस्तुतीकरण 
आगरा, 29 जून। साहित्य संगीत संगम एवं चेतन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में रहस्यवादी कवि कबीर दास की 628 वीं जयंती पर ग्रैंड होटल सभागार में कबीर उत्सव का आयोजन हुआ। 
कबीर के दर्शन और चिंतन पर प्रो बीना शर्मा, प्रो जय सिंह नीरद, प्रो विजय श्रीवास्तव, प्रो सुषमा सिंह, अशोक अश्रु विद्यालंकार ने प्रकाश डाला। आयोजन का शुभारंभ प्रोफेसर विजय श्रीवास्तव, अरुण डंग, डा. राजेंद्र मिलन ने किया। 
प्रो आश्वना सक्सेना, सुशील सरित, पूजा तोमर, लवेश अग्रवाल, साहिल, उन्नैव, हर्ष और शौर्या ने कबीर दास के दोहे प्रस्तुत किये। संगीत संयोजन सुभाष सक्सेना एवं राज मैसी ने किया। संचालन दिनेश श्रीवास्तव ने किया।
_______________________________________
बैडमिंटन एवं शतरंज प्रतियोगिता का समापन
आगरा, 29 जून। डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी, के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन एवं शतरंज प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण सोमवार को किया गया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में लियासा ने अनन्या को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनन्या द्वितीय स्थान पर रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में समर्थ कायला ने जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, तेजस उपविजेता रहे। अंडर-16 बालक वर्ग के एक अन्य फाइनल मुकाबले में श्रेष्ठ ने वंश दीक्षित को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वंश दीक्षित को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। अंडर-16 वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में कुनाल दीक्षित ने नमन चौधरी को हराकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-16 के  फाइनल में अभिषेक ने ऋषभ पाठक को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। शतरंज प्रतियोगिता में अंश प्रथम, अभ्युदय द्वितीय तथा नमन चौधरी तृतीय स्थान पर रहे। सोसाइटी के अध्यक्ष राजीव सोई ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments