ताजमहल के निकट 90 आधुनिक सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगेंगे, यमुना किनारे ताज व्यू गार्डन का सौंदर्यीकरण होगा, कई प्रस्तावों को मंजूरी

आगरा, 29 जून। मंडलायुक्त नागेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सभागार में पथकर सलाहकार समिति की आयोजित बैठक में पर्यटन, सुरक्षा, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। 
बैठक में आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। इनमें विदेशी पर्यटकों के लिए एक वर्ष तक वेलकम किट (मिनरल वाटर, शू कवर और कैरी बैग) उपलब्ध कराना, फतेहपुर सीकरी बस स्टैंड पर आरओ प्लांट और सबमर्सिबल पंप लगाना, ताजगंज क्षेत्र में फायर फाइटिंग सिस्टम और प्रकाश व्यवस्था का वार्षिक अनुरक्षण, ताजमहल और फतेहपुर सीकरी के आरओ प्लांट का संचालन तथा शिल्पग्राम से पश्चिमी गेट तक हरित क्षेत्र के रखरखाव जैसे कार्य शामिल हैं।
पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग के प्रस्ताव पर ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में 90 आधुनिक सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगाने की मंजूरी दी गई। इससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पहले से अधिक मजबूत होगी।
राजकीय उद्यान विभाग द्वारा ताजमहल और आगरा फोर्ट के बीच यमुना किनारे स्थित ताज व्यू गार्डन फेस-प्रथम के सौंदर्यीकरण और रखरखाव का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। वहीं वन विभाग को ताज नेचर वॉक के विकास तथा "माई ट्री प्रोग्राम" के तहत हरित विकास कार्यों की भी मंजूरी दी गई।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा से हुई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि फतेहपुर सीकरी में चल रहे लाइट एंड साउंड शो का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। आगरा गेट की फसाड लाइटिंग, आईलैंड, सेंट्रल वर्ज, स्कल्पचर और सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। मंडलायुक्त ने इन सभी कार्यों को अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए।
रमाडा फ्लाईओवर और आगरा एंट्री गेट से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने इनर रिंग रोड से शहर में प्रवेश के लिए बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। 
एनएच-11 पर टाटा गेट से पथौली नहर तक प्रकाश व्यवस्था के कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने को कहा गया। साथ ही ताजमहल, आगरा फोर्ट, ताज व्यू प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट और नगर निगम सीमा के बाहर स्थित पांच प्रमुख मार्गों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नगर निगम को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि पथकर निधि से पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता की जांच तीन सदस्यीय समिति करेगी। इस समिति में एडीएम सिटी, आगरा विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता और अपर नगर आयुक्त शामिल रहेंगे।
बैठक में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक चौधरी बाबूलाल और डॉ. धर्मपाल सिंह द्वारा मंदिर प्रवेश द्वार निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण सहित विभिन्न जनहित के प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें समिति ने मंजूरी प्रदान कर दी। बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय सहित एएसआई, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments