भाजपा विधायक के नाती को मारपीट कर 65 हजार रुपये छीने! फायरिंग का भी आरोप, जांच में जुटी पुलिस
आगरा, 24 जून। फतेहाबाद क्षेत्र से विधायक छोटेलाल वर्मा के नाती हर्ष वर्मा के साथ थाना ताजगंज क्षेत्र में कथित मारपीट, लूट और फायरिंग का मामला सामने आया है। हर्ष वर्मा ने कलाल खेरिया निवासी धर्मेन्द्र राजपूत और पीपल चौकी फतेहाबाद निवासी सोनू वर्मा के खिलाफ ताजगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हर्ष वर्मा देर रात किसी व्यक्ति से रुपये लेकर अपने एक मित्र को छोड़ने के लिए टीडीआई सिटी तक गया था। इसके बाद वह खाना खाने के लिए अनप्लग्ड कोर्टयार्ड पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचने पर रेस्टोरेंट बंद मिला। इसके बाद वह आई लव आगरा प्वाइंट के पास पहुंच गया। हर्ष का आरोप है कि वहां पहले से धर्मेन्द्र राजपूत और सोनू वर्मा स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे हुए थे। दोनों कथित रूप से शराब के नशे में थे।
आरोप है कि दोनों ने उससे रुपये मांगने शुरू कर दिए। जब उसने इनकार किया तो दोनों ने मारपीट कर दी।
पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने उसकी कार के डैशबोर्ड में रखे 65,200 रुपये जबरन निकाल लिए। विरोध करने पर पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। हर्ष वर्मा ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसे लगातार धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं, जिनमें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है।
पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
_____________________________________

Post a Comment
0 Comments