शिक्षक ने बच्चों से छेड़खानी का विरोध किया तो बीच सड़क पर पीट डाला दबंगों ने!
आगरा, 24 जून। थाना शाहगंज थाना क्षेत्र के कोठी मीना बाजार इलाके में दबंगों ने एक शिक्षक को बीच सड़क पर पीट डाला। पीड़ित शिक्षक ट्यूशन पढ़ने वाले बच्चों के साथ कथित बदसलूकी और छेड़खानी का विरोध जताने पहुंचा था, इसी से नाराज होकर आरोपियों ने बीच सड़क पर मारपीट कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिक्षक रोहित शर्मा को कुछ छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों ने बताया था कि क्षेत्र का एक युवक बच्चों, विशेषकर छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करता है और उन्हें परेशान करता है। इस संबंध में बातचीत और विरोध दर्ज कराने के लिए शिक्षक रोहित शर्मा एक अभिभावक के साथ आरोपी पक्ष के पास पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और साहिल नामक युवक तथा उसके साथियों ने शिक्षक रोहित शर्मा के साथ मारपीट कर दी।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दोबारा शिकायत की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हंगामा बढ़ता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित शिक्षक और अभिभावक शाहगंज थाने पहुंचे और मामले की तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी साहिल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments