14 को आगरा आएंगे राजनाथ सिंह, शमशाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे
आगरा, 12 जून। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दो दिन बाद यानि 14 जून को यहां आ रहे हैं। वे जिले की शमसाबाद तहसील में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान महिला स्वाभिमान रैली को भी संबोधित करेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शमसाबाद कस्बे में 14 जून को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। मूर्ति अनावरण के बाद एपी इंटर कॉलेज के पास एक जनसभा आयोजित की जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आसपास के कस्बों से काफी संख्या में लोग आएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ वरिष्ठ नेता मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर के साथ-साथ भाजपाई तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रेस वार्ता में विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया भी उपस्थित थे।
इससे पहले शुक्रवार को महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के लिए हवन-पूजन किया गया। यज्ञ के साथ कार्यक्रम स्थल पर पूजन किया गया।
रक्षामंत्री का कार्यक्रम
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 14 जून दोपहर 2.30 बजे खेरिया हवाई अड्डे पर आएंगे। यहां से वे सीधे शमसाबाद में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। दोपहर तीन बजे वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएंगे। इसके बाद वे महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समापन के बाद शाम 4.30 बजे खेरिया हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे। इसके बाद शाम पांच बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
____________________________________

Post a Comment
0 Comments