स्कूटी सवार को टक्कर मारने में स्कूल संचालक, प्रिंसिपल और बस चालक के खिलाफ मुकदमा
आगरा, 08 मई। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की बस की टक्कर से भाजपा कार्यकर्ता के घायल होने पर स्कूल के संचालक, प्रधानाचार्य और बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा घायल युवक की पत्नी की ओर से थाना ताजगंज में दर्ज कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कटरा जोगीदास, ताजगंज के रहने वाले 32 वर्षीय अंकित अग्रवाल विगत पांच मई की सुबह 6.30 बजे स्कूटी से खैराती टोला ताजगंज से पुरानी मंडी चौराहा ताजगंज की तरफ जा रहे थे। अंकित अग्रवाल की पत्नी शिखा अग्रवाल का कहना है कि सामने से आ रही प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की बस ने गलत दिशा में चलते हुए तेज स्पीड में एक्टिवा में टक्कर मार दी। इससे अंकित अग्रवाल के गंभीर चोट आई।
अंकित अग्रवाल को राहगीरों ने निकट के उपाध्याय हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां से परिजन अंकित अग्रवाल को पोलारिस हॉस्पिटल लॉयर्स कॉलोनी में ले आए, जहां उनका इलाज चल रहा है। अंकित भाजपा के कार्यकर्ता हैं।
शिखा अग्रवाल ने तहरीर में बस चालक, प्रिल्युड स्कूल के संचालक डॉ. सुशील गुप्ता और प्रिंसिपल अरविंद श्रीवास्तव पर आरोप लगाए हैं। ताजगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments