खेत पर सोया युवक लापता, खाट और बाइक पर मिले खून के निशान, तलाश में जुटी पुलिस
आगरा, 08 मई। थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा में आज शुक्रवार की सुबह एक युवक के लापता होने और वह जहां सोया था वहां खून मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और उसने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुला लिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम बाईखेड़ा निवासी अनीत यादव उर्फ गणेशी (30 वर्ष) पुत्र चंद्रपाल सिंह गुरुवार की शाम को अपने घर से पांच सौ मीटर दूर खेतों पर बने पशुओं के बाड़े पर सोने गया था। वह रोजाना यहीं पर सोता था लेकिन आज शुक्रवार की सुबह जब उसकी पत्नी पिंकी खेत पर पहुंची तो अनीत वहां नहीं था। उसकी चारपाई के पास खून के निशान दिखाई दिए।
यह देख चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर दूर अनीत की बाइक मिली, उस पर भी खून के निशान थे।
पुलिस ने युवक की तलाश के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुला लिया। पुलिस खोजबीन में जुटी है। युवक का अभी तक कोई पता नहीं चला है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने मीडिया से कहा कि आसपास के क्षेत्र में युवक की तलाश की जा रही है।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments