बड़ी लापरवाही: परिवार के पांच सदस्य अंदर, एडीए ने बाहर से लगा दी सील!

आगरा, 06 मई। एक अजीबोगरीब मामले में आगरा विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने मजदूर के परिवार के अंदर होते हुए भी अवैध निर्माण को सील लगा दी। परिवार के पांच लोग चार घंटे तक बंधक की तरह रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एडीए की टीम बुलवाकर सील खुलवाई और बंद लोगों को बाहर निकाला। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह वाकया शाहगंज वार्ड में खेरिया मोड़ के समीप अर्जुन नगर में विगत दिवस हुआ। प्राधिकरण की टीम नवीन कुमार द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील लगाने मंगलवार को पहुंची थी। आरोप है कि एडीए के जूनियर इंजीनियर धीरेंद्र ने यहां सील लगाते समय लापरवाही बरती। निर्माणाधीन मार्केट में अंदर रह रहे मजदूर परिवार को बाहर निकाले बगैर सील लगा दी गई। इससे चार महिलाएं और एक बच्चा अंदर बंद रह गया।
स्वयं को बिल्डिंग में बंद देखकर परिवार ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों का ध्यान गया। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विकास प्राधिकरण को सील किए गए भवन में परिवार के बंद होने की जानकारी दी। 
एडीए की टीम ने आकर सील खोली। इसके बाद बंद लोगों को बाहर निकाला गया और अवैध निर्माण को दोबारा सील कर दिया गया। मजदूरी करने वाली महिला नुसरत ने बताया कि परिवार चार घंटे तक अंदर बंद रहा। इस दौरान उनका बच्चा पानी के लिए तड़पता रहा।
इस घटना से एडीए के प्रवर्तन दल की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। चार घंटे बंधक रहे परिवार को यदि कोई मुश्किल हो जाती तो उसका जिम्मेदार कौन होता। 
भवन स्वामी नवीन कुमार का कहना है कि उन्होंने शमन के लिए आवेदन किया हुआ है। मगर विकास प्राधिकरण शमन नहीं कर रहा है। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments