यमुना में मिला युवक का शव, दोनों हाथ टेप से बंधे और मुंह पर भी टेप
आगरा, 17 मई। थाना खंदौली क्षेत्र में यमुना नदी में एक युवक का शव बहता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। नदी में शव दिखाई देने पर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक के दोनों हाथ टेप से बंधे हुए थे और मुंह पर भी टेप लगा हुआ था। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से यमुना में फेंका गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
खंदौली थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments