आगरा में लोक अदालत के दौरान बैंक ऑफ इंडिया की स्टॉल पर विवाद, कुर्सियां टूटीं
आगरा, 09 मई। जनपद न्यायालय दीवानी परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऑफ इंडिया की स्टॉल पर लोन सेटलमेंट राशि कम करने के मुद्दे पर बैंक कर्मियों और कुछ अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद बैंक स्टॉल पर कुर्सियां टूटी हुई मिलीं। बैंक कर्मचारियों ने अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया।
घटना के बाद यूनियन बैंक के कर्मचारियों ने भी बैंक ऑफ इंडिया के समर्थन में विरोध जताया। कर्मचारियों ने सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए लोक अदालत में लगी अन्य बैंकों की स्टॉल बंद करानी शुरू कर दीं। कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दीवानी परिसर की सुरक्षा में तैनात एसएसएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक ऑफ इंडिया की स्टॉल पर कुछ अधिवक्ताओं द्वारा ऋण सेटलमेंट राशि कम करने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया। बैंक कर्मियों का कहना है कि जब उन्होंने इसे बैंक के नियमों के विरुद्ध बताया तो विवाद शुरू हो गया।
बैंक से जुड़े एक अधिवक्ता का कहना था कि कुछ लोग स्टॉल पर पहुंचे और कम राशि में ऋण निपटान करने का दबाव बनाने लगे। बैंक अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की बात कहने पर वहां हंगामा शुरू हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता की गई। महिला कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में लीड बैंक मैनेजर ऋषिकेश बनर्जी का कहना है कि पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कराई जाएगी। बैंक कर्मचारियों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments