डॉक्टर के बेटे ने पिता की रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, मौत
आगरा, 02 मई। थाना खेरागढ़ के अंतर्गत पाय सितौली गांव निवासी एक पशु चिकित्सक के युवा पुत्र ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। युवक की मौत से सभी हतप्रभ हैं। उसे कुछ ही दिन पहले सिंगापुर की एक कंपनी से नौकरी का ऑफर मिला था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाय सितौली गांव निवासी पशु चिकित्सक संजय सिकरवार का छोटा बेटा 20 वर्षीय अनुज सिकरवार बीएससी एग्रीकल्चर अंतिम वर्ष का छात्र था। डॉ सिकरवार के बड़े पुत्र सतीश बीएसएफ में जवान हैं और नगालैंड में तैनात हैं।
बताया गया है कि शनिवार की सुबह डॉ. संजय सिकरवार के घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान अनुज ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर खुद को गोली मार ली।
करीब सुबह नौ बजे अनुज का चचेरा भाई रामू घर पहुंचा। घर पर बिस्तर पर अनुज खून से लथपथ पड़ा था। यह देख उसने शोर मचाया। परिजन अनुज को इलाज के लिए आगरा लेकर भागे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
अनुज ने खुद को गोली क्यों मारी यह अभी स्पष्ट नहीं है। थाना खेरागढ़ के प्रभारी निरीक्षक हरीश कुमार शर्मा का कहना है कि अनुज को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था लेकिन उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments