विवाद होने पर मायके में रहने लगी पत्नी तो पति ने वायरल कर दिए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो! मुकदमा दर्ज

आगरा, 12 मई। थाना ताजगंज में महिला की निजी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो उसके पति द्वारा ही सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने यह मुकदमा दर्ज कराते हुए एमपीपुरा, ताजगंज निवासी दामाद को आरोपी बनाया है। महिला का अपने पति और ससुराल पक्ष से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। विवाद बढ़ने के बाद महिला मायके में रह रही थी। इसी बीच आरोपी पति ने कथित तौर पर महिला की निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिए।
आरोप है कि आरोपी ने महिला के चरित्र पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए उसे रिश्तेदारों, परिचितों और विभागीय कर्मचारियों के बीच बदनाम करने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने महिला के मोबाइल फोन का गलत इस्तेमाल करते हुए व्हाट्सएप कॉल, मैसेज और अन्य माध्यमों से कई लोगों को निजी वीडियो और भ्रामक संदेश भेजे। इससे महिला को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी की हरकतों के कारण उसकी नौकरी और कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लगातार हो रही बदनामी और मानसिक दबाव के चलते परिवार बेहद परेशान है।
पीड़िता पक्ष ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में इसे महिला की गोपनीयता का उल्लंघन, अस्मिता को ठेस पहुंचाने और गंभीर साइबर अपराध बताया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ताजगंज थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स, मोबाइल डेटा और डिजिटल चैटिंग रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments