इंस्पेक्टर लोहामंडी निलम्बित, इंस्पेक्टर अछनेरा लाइन हाजिर, पुलिस आयुक्त का सख्त एक्शन
आगरा, 27 मई। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार द्वारा गोकशी से जुड़े मामले में अछनेरा थाने के इंस्पेक्टर देवेंद्र द्विवेदी को लाइन हाजिर कर दिये जाने और गंभीर लापरवाही के आरोप में लोहामंडी थाने के इंसपेक्टर उत्तम चंद पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की खबर है। इंद्रजीत सिंह को लोहामंडी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अछनेरा थाना क्षेत्र में गंगा मंदिर के पास रहने वाले किसान घनश्याम के प्लॉट पर बंधी तीन गायों में से एक सोमवार सुबह गायब थी। परिवार की महिलाओं ने जब प्लॉट पर जाकर देखा तो पास ही खेत में खून के निशान मिले, जिससे गोकशी की आशंका गहराई। कुछ ही दूरी पर नाले में बोरे में गाय की खाल मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर ढिलाई का आरोप लगाया। हालात को गंभीर मानते हुए पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अछनेरा थाने के प्रभारी देवेंद्र द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इस प्रकरण में सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।
खबरों के अनुसार, इसके अलावा लोहामंडी थाना के इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल को गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कार्यशैली में गंभीर खामियों और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। उनके स्थान पर इंद्रजीत सिंह को थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मीडिया सूत्रों के अनुसार पूर्वी जोन के एक अन्य इंस्पेक्टर पर भी जल्द ही कार्रवाई हो सकती है। पुलिस प्रशासन सभी मामलों की गहन समीक्षा कर रहा है।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments