आगरा में पकड़े गए पांच सौ के नकली नोट
आगरा, 14 मई। जीआरपी आगरा कैंट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से एक युवक को असली जैसे दिखने वाले 500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को थाना प्रभारी जीआरपी आगरा कैंट के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 दिल्ली साइड पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के असली जैसे दिखने वाले नोटों के 8 पैकेट, यानी कुल 80 गड्डियां बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरजोत (27वर्ष) पुत्र जसविंदर निवासी वार्ड नंबर-08, रोझा, थाना लूनकरन, जिला बीकानेर, राजस्थान के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी आगरा कैंट में दर्ज मुकदमा संख्या 127/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338 और 336(3) में कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इन असलीनुमा नोटों को कहां से लाया था और इन्हें कहां खपाने की तैयारी थी।
जीआरपी द्वारा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप कुमार, कांस्टेबल उदयप्रताप, प्रेमशंकर भारद्वाज, मनोज कुमार, राहुल अत्री (RPF) तथा संदीप नगाइच शामिल रहे।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments